Edition

पटौदी-जाटौली अनाज मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का निरीक्षण, किसानों ने प्रबंधों पर जताया संतोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 07 अप्रैल।

पटौदी-जाटौली नई अनाज मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, गुरुग्राम के क्षेत्रीय प्रशासक जितेंद्र कुमार ने मंडी का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी विनय यादव भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रशासक ने मंडी में गेट पास जारी करने की प्रक्रिया से लेकर किसानों के बायोमैट्रिक सत्यापन तक सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंडी में उपस्थित व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं किसानों से सीधा संवाद कर खरीद प्रक्रिया, सुविधाओं और संभावित समस्याओं के बारे में फीडबैक लिया। व्यापार मंडल एवं किसानों ने मंडी में मार्केट कमेटी द्वारा किए गए प्रबंधों को संतोषजनक बताते हुए कहा कि यहां गेहूं की सरकारी खरीद पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। मंडी में किसानों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच, पीने के पानी की व्यवस्था, गेट पास जारी करने की सुव्यवस्थित प्रक्रिया तथा बायोमैट्रिक सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु एक हेल्पडेस्क भी स्थापित किया गया है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि सोमवार सायं तक मंडी में 2,55,115 क्विंटल गेहूं के गेट पास जारी किए जा चुके हैं, जबकि 73,821 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है और खरीद प्रक्रिया निरंतर जारी है। किसानों ने बातचीत के दौरान बताया कि पटौदी मंडी, जिला गुरुग्राम की सबसे बड़ी गेहूं मंडी है और यहां मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारियों द्वारा किए गए बेहतर प्रबंधों के चलते खरीद कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है, जिससे आसपास के किसान भी संतुष्ट हैं।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनोज मोकलवास, सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी विपिन यादव, सहायक सचिव संजय कुमार, मंडी सुपरवाइजर मुकेश शर्मा, कमल सिंह व टिक्कम, नीलामी अभिलेखक महिपाल एवं पवन कुमार, एचएसडब्ल्यूसी के खरीददार हंसदीप, व्यापार मंडल प्रधान अजय मंगला, पूर्व प्रधान आनंद भूषण, जिला प्रधान दिनेश कुमार, पहलवान दलीप सिंह सहित अन्य व्यापारी एवं किसान उपस्थित रहे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें