गुरुग्राम, 07 अप्रैल।
आयुष विभाग, गुरुग्राम के अंतर्गत संचालित समस्त आयुष औषधालयों में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रही तैयारियों के क्रम में विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं योग शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देशों पर व्यापक स्तर पर योग दिवस मनाने की दिशा में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पालम विहार स्थित डी.पी.एस.जी. स्कूल में आयुर्वेदिक चिकित्सक अधिकारी डॉ. अनुप्रिया द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को आयुष पद्धतियों के महत्व पर व्याख्यान दिया गया। उन्होंने छात्रों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के लाभ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान आयुष चिकित्सकों एवं योग प्रशिक्षकों द्वारा आमजन को योग के महत्व, नियमित योगाभ्यास के लाभ तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। शिविरों में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास भी कराया गया, जिससे उपस्थित लोगों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति प्रेरणा मिली।
इसके साथ ही कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवायपी) के अंतर्गत निर्धारित योग अभ्यासों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग आगामी योग दिवस पर आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
विशेष स्वास्थ्य शिविरों के दौरान आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं अन्य आयुष पद्धतियों के माध्यम से रोगों की जांच, निःशुल्क परामर्श तथा आवश्यकतानुसार औषधियों का वितरण भी किया गया।
आयुष विभाग, गुरुग्राम के अधिकारियों ने बताया कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना तथा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाना है।







