Edition

गुरुग्राम पुलिस ने 260 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों सहित आधुनिक संसाधनों को किया तैनात।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम पुलिस ने NH-48 पर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए किए विशेष प्रबंध, 260 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों सहित आधुनिक संसाधनों को किया तैनात।

गुरुग्राम: 08 जुलाई 2026

पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात), गुरुग्राम के नेतृत्व में गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर विशेष यातायात प्रबन्ध किए है। इस विशेष प्रबन्ध का मुख्य उद्देश्य बढ़ते यातायात दबाव, वर्षा ऋतु एवं रात्रिकालीन परिस्थितियों के दौरान किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति को रोकना तथा आमजन को बिना किसी बाधा एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है।

यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 260 अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष रूप से तैनाती की गई है। इसके साथ-साथ आधुनिक संसाधनों का भी व्यापक प्रबंध किया गया है, जिनमें 05 क्रेन, 02 हाइड्रा मशीनें, 01 एंबुलेंस, 17 मोटरसाइकिल राइडर तथा 06 चार पहिया पुलिस वाहन शामिल हैं। ये सभी टीमें विशेष रूप से रात्रिकाल एवं वर्षा के दौरान गुरुग्राम शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं व्यस्त स्थानों पर तैनात रहकर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करेंगी।

यातायात पुलिस द्वारा NH-48 के सभी प्रमुख प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों को किसी भी एंट्री पॉइंट से हाईवे पर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान सहित आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

इसके अतिरिक्त विशेष रूप से तैनात पुलिस बल एवं संसाधनों का उपयोग आवश्यकतानुसार यातायात रूट डायवर्जन, दुर्घटना स्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को शीघ्र हटाने, खराब वाहनों के कारण उत्पन्न अवरोध समाप्त करने तथा आपातकालीन यातायात प्रबंधन के लिए भी किया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में यातायात लंबे समय तक प्रभावित न हो तथा आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़े।

गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। नियंत्रण कक्ष एवं फील्ड में तैनात पुलिस टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी संभावित जाम अथवा बाधा को तत्काल दूर करने के लिए सतत प्रयासरत हैं।

गुरुग्राम यातायात पुलिस आमजन से अपील करती है कि:-

👉🏻 यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें।

👉🏻 दोपहिया एवं तिपहिया वाहन चालक हाईवे पर प्रवेश न करें।

👉🏻 निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं तथा अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें।

👉🏻 वर्षा के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखें एवं पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

👉🏻 पुलिस एवं यातायात कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

👉🏻 किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा यातायात संबंधी समस्या होने पर तत्काल यातायात पुलिस को सूचित करें।

▪️गुरुग्राम पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना है। आमजन के सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें