चंडीगढ़, 15 अगस्त — हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। यह आठ दशकों की हमारी लोकतांत्रिक यात्रा की बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ-’’युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब’’-को सशक्त बनाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

विज ने अंबाला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस तथा माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों की सोमवार को छुट्टी तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को ’’10 लाख रुपये’’ देने की घोषणा की।
इससे पहले, विज ने पुलिस लाइन परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने युद्ध वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों तथा आपातकाल और हिंदी आंदोलन में भाग लेने वाले महानुभावों को सम्मानित किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों को नमन किया। सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है तथा पिछले लगभग 12 वर्षों में करीब ’’सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा आधार पर सरकारी नौकरी’’ दी गई है।

विज ने कहा कि हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। ’’10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी’’ ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस गौरवशाली इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए अंबाला छावनी में बनाया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।
’’विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा’’
विज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य ऐसा विकास सुनिश्चित करना है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के साथ ’’विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा’’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा का सकल राज्य घरेलू उत्पाद लगभग ’’15.18 लाख करोड़ रुपये’’ रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब ’’11 प्रतिशत वृद्धि’’ दर्शाता है। उद्योगों के लिए कारोबारी वातावरण को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। प्रमाण-पत्र, लाइसेंस और अनुमतियों की प्रक्रियाओं को आसान किया गया है। 2026-27 के बजट में औद्योगिक क्षेत्रों के पुनरोद्धार और रोजगार पर विशेष जोर दिया गया है। हाल ही में मंजूर ’’एमएसएमई पॉलिसी’’ से छोटे उद्योगों को मजबूती और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि ’’17 जुलाई 2026 को जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन’’ को रवाना किया गया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन भारत की तकनीकी क्षमता और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 
’’गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता’’
विज ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ-’’युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब’’-को सशक्त बनाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सामाजिक न्याय के तहत पिछड़ा वर्ग की क्रीमीलेयर आय सीमा ’’6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये’’ की गई है तथा पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया गया है। गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत ’’71 हजार रुपये तक की सहायता’’ दी जा रही है तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत पात्र परिवारों को ’’5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज’’ की सुविधा मिल रही है। सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस की व्यवस्था है। कम आय वाले तीसरी और चौथी स्टेज के कैंसर रोगियों को ’’3,000 रुपये प्रतिमाह’’ की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक चिकित्सा विश्वविद्यालय और ’’12 मेडिकल कॉलेज’’ स्थापित किए गए हैं तथा एमबीबीएस की 2,260 और पीजी की 788 सीटें बढ़ी हैं।
किसानों के लिए हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां ’’24 फसलों की एमएसपी पर खरीद’’ की व्यवस्था की गई है। इनमें गेहूं, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना सहित अन्य फसलें शामिल हैं। आबियाना व्यवस्था समाप्त की गई है तथा शामलात भूमि पर 20 वर्षों से काबिज पट्टेदारों को मालिकाना हक देने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए ’’लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह 2,100 रुपये’’ की राशि दी जा रही है। गरीब परिवारों की महिलाओं को ’’500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर’’ उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है।
’’युवा, नशामुक्ति और खेल’
विज ने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के निर्माण का नेतृत्व आज के युवा करेंगे। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम ’’“युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व”’’ युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होना भी देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने नशे को युवा शक्ति और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि ’’“नशामुक्त युवा, स्वस्थ परिवार और विकसित हरियाणा”’’ हमारा संकल्प है। राष्ट्रव्यापी नशामुक्ति अभियान के तहत देशभर में 28,000 से अधिक स्थानों पर युवाओं ने संकल्प लिया। हरियाणा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ’’3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं’’ ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। राहगीरी और युवा मैराथन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
खेलों में हरियाणा के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने ’’39 पदक’’ जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रदेश के खिलाड़ियों ने ’’10 पदक, जिनमें 7 स्वर्ण’’, जीते तथा हरियाणा की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक हासिल किए।









