गुरुग्राम यातायात पुलिस भारी बारिश के बीच सुचारू यातायात के लिए मुस्तैदी से रही तैनात ।
दिनांक: 24 अगस्त 2026
गुरुग्राम में आज हुई लगातार भारी वर्षा के दौरान सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस गुरुग्राम के अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न प्रमुख यातायात बिंदुओं एवं संवेदनशील स्थानों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।
यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48), सोहना रोड, गोल्फ कोर्स रोड, एम.जी. रोड, इफको चौक, शंकर चौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं जलभराव संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। भारी वर्षा के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए यातायात पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहकर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित कराते रहे तथा आवश्यकतानुसार यातायात का संचालन किया।
यातायात पुलिस के कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों एवं फील्ड स्टाफ के माध्यम से शहर की यातायात स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। जहां भी यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति बनी, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की तैनाती एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया गया।
यातायात पुलिस गुरुग्राम भारी वर्षा के दौरान भी सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि बारिश के दौरान वाहन धीमी एवं सुरक्षित गति से चलाएं, पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें, जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए यातायात पुलिस का सहयोग करें।







