भारी बारिश के अलर्ट को लेकर डीसी ने जारी किए एहतियाती निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारी बारिश के अलर्ट को लेकर डीसी ने जारी किए एहतियाती निर्देश

अगले कुछ घंटों में 15 एमएम प्रति घंटे से अधिक बारिश की संभावना; आमजन से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील

गुरुग्राम, 5 सितंबर।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा आज शनिवार सुबह जारी की गई ताजा नाउकास्ट चेतावनी के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डीसी उत्तम सिंह ने आमजन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक एहतियाती निर्देश जारी किए हैं। आईएमडी ने अगले 2-3 घंटों के दौरान 15 एमएम प्रति घंटे से अधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।

डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए गैर-जरूरी यात्रा से यथासंभव बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेष रूप से जलभराव वाली सड़कों, अंडरपास तथा निचले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। लोगों को पानी से भरे रास्तों अथवा जलभराव वाले हिस्सों को पैदल या वाहन से पार न करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि पानी की गहराई और सड़क की स्थिति का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो सकता है।

उन्होंने नागरिकों से पेड़ों, बिजली के खंभों और ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों से दूरी बनाए रखने की भी अपील की है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान इनके आसपास खड़े होने से दुर्घटना का खतरा हो सकता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी होने वाले आगामी अलर्ट और दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती एवं बचाव संबंधी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें