खेलों की अनदेखी के दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर मंत्री अनिल विज का तंज, कहा
हुड्डा को अपनी आंख का चश्मा किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाकर बदलवा लेना चाहिए
चण्डीगढ, 08 सितम्बर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब दौरे को लेकर दिए बयान पर कड़ा पलटवार किया और कहा कि “मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में भी है और हरियाणा में भी है, वह दोनों जगह का ठीक इंतजाम कर रहे हैं। हरियाणा को वह तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं और पंजाब से गली-सड़ी सरकार को उखाड़कर वहां पर कमल के फूल वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने जा रहे हैं”।विज आज मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे।वहीं, सांसद दीपेंद्र हुड्डा के आरोप कि हरियाणा में खेलों को बढ़ावा नहीं देने के आरोपों पर पलटवार करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि “आरोप लगाने वाले आरोप लगाते रहते है, लेकिन सच्चाई खुद उसका जवाब दे देती है।मंत्री अनिल विज ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने अपने राज मे क्या किया जबकि उन्होंने भाजपा की सरकार में अम्बाला में ही फीफा अप्रूव्ड फुटबाल स्टेडियम बनाया, अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑल वैदर स्वीमिंग पूल बनाकर दिया, जिम्नास्टिक हॉल और बैडमिंटन हॉल बनाकर दिए। मंत्री विज ने तंज कसा कि दीपेंद्र हुड्डा को अपनी आंख का चश्मा किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाकर बदलवा लेना चाहिए ।






