गुरुग्राम, 30 अक्टूबर- जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ने निर्देश दिए कि शहर में लगाए गए साइन बोर्ड पर किसी भी प्रकार का विज्ञापन न लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइन बोर्ड का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाए। यदि किसी साइन बोर्ड पर विज्ञापन प्रदर्शित किया जाता है तो संबंधित के खिलाफ निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों पर होंगे आवश्यक सुधार
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 और गुरुग्राम-सोहना हाईवे सहित जिले के 21 चिह्नित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त शहरी क्षेत्र में सिद्धेश्वर चौक, बसई गांव चौक (सेक्टर-9) और अतुल कटारिया चौक को दुर्घटना संभावित स्थानों के रूप में शामिल किया गया। इन स्थानों पर सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, रोड स्टड, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और अन्य जरूरी सुरक्षा सुविधाएं विकसित करने को लेकर संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत कार्यों की समीक्षा
जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट पहल के तहत जिले में चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में झाड़सा चौक, एटलस चौक, इफको चौक, सेक्टर-33, खोह मानेसर, पचगांव चौक, शास्त्री नगर सेक्टर-105 और गोपालपुर सेक्टर-10 सहित विभिन्न स्थानों की साइट-वाइज रिपोर्ट और वहां आवश्यक सुधारों की समीक्षा की गई। इनमें सड़क संकेतक, स्पीड कैलमिंग उपाय, स्ट्रीट लाइट, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते, रोड मार्किंग और सड़क किनारे सुरक्षा प्रबंध शामिल हैं।
ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
बैठक में ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। आरटीए के अनुसार सितंबर 2026 में 160 चालान किए गए, जबकि एक से 27 अक्टूबर तक 194 चालान किए गए। इन वाहनों के कारण सड़क सुरक्षा और सड़क आधारभूत ढांचे पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की समीक्षा
बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में चालान और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए की जा रही कार्यवाही की जानकारी दी गई। वर्ष 2026 में जनवरी से अगस्त तक शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में कुल 13,703 चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस की ओर से एक से 28 अक्टूबर 2026 तक 1065 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए अनुशंसित किए जाने की जानकारी साझा की गई। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने पर चर्चा हुई।
398 स्कूलों में सुरक्षित आवागमन व्यवस्था विकसित करने की पहल
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सुरक्षित स्कूल आवागमन पहल की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले के 398 स्कूलों की सूची संबंधित सड़क निर्माण एवं रखरखाव एजेंसियों के साथ साझा की गई है, ताकि स्कूलों के आसपास सुरक्षित स्कूल जोन विकसित करने के लिए आवश्यक उपाय किए जा सकें। स्कूल बसों की जांच, सीसीटीवी, जीपीएस, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन द्वार और अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग विकसित करने पर चर्चा
बैठक में जीएमडीए की ओर से शहर के 17 चौराहों पर सुरक्षित पैदल यात्री क्रॉसिंग विकसित करने के कार्य की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आरएफ और आरएसओ टीम की ओर से सुझाए गए अस्पतालों के सामने सहित कुल 32 स्थानों को भी योजना में शामिल करने का विषय रखा गया, ताकि अधिक से अधिक स्थानों पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सड़क पार करने की सुविधा उपलब्ध हो सके।
सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और रेलिंग से जुड़े कार्यों की समीक्षा
बैठक में गुरुग्राम-सोहना रोड पर रेलिंग एवं संकेतक बोर्ड लगाने, मानेसर बस स्टैंड और बिलासपुर चौक पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध करवाने, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा अतुल कटारिया चौक और पटौदी रोड सहित अन्य स्थानों पर सड़क मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। संबंधित एजेंसियों को इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, एडीटीओ हरेंद्र वीर, एनएचएआई के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







