गुरुग्राम,13 मार्च 2026
पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, IPS के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव, HPS की देखरेख में यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा “चालान नहीं, सलाम मिलेगा” अभियान के तहत लगभग 20 ऑटो चालकों को पुलिस उपायुक्त यातायात कार्यालय स्थित रोड सेफ्टी नॉलेज सेंटर में लाकर यातायात नियमों की जागरूकता पाठशाला का आयोजन किया गया।
इस दौरान मौजूद लोगों को यातायात नियमों जैसे— दुपहिया वाहन चालक द्वारा हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग, वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचना, लेन ड्राइविंग का पालन करना आदि के बारे में जागरूक किया गया।
इस दौरान मौजूद सभी ऑटो चालको को यात्रियों के साथ शालीनता, सभ्यता एवं मधुर व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सहज यात्रा का अनुभव मिल सके। साथ ही उपस्थित सभी को यह संदेश दिया गया कि वे इन जानकारियों को अपने साथी चालकों एवं परिवारजनों के साथ भी साझा करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस अवसर पर “चालान नहीं, सलाम मिलेगा” अभियान के तहत सभी को “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता हेतु सरकार द्वारा दी जा रही ₹1.50 लाख तक की कैशलेस उपचार योजना की जानकारी दी गई। आपातकालीन स्थिति में दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की सहायता के लिए CPR प्रक्रिया के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस प्रकार के यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता अभियान यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।








