नई दिल्ली 14 मार्च।
सनातन मूल्यों और भारतीय संस्कृति के पुनरुद्धार के लिए प्रतिबद्ध संस्था चेतना (सुरभि सनातन) एक बार फिर दिव्य एवं भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए तैयार है।15 मार्च को इस्कॉन मंदिर, रोहिणी सेक्टर 25, दिल्ली में लाला पन्नालाल सिंघल स्मृति व्याख्यानमाला के तहत 76वां सेमिनार आयोजित किया जाएगा।
इस बार सेमिनार की थीम है ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’, जो विश्व शांति, समरसता और सभी के कल्याण की भावना को समर्पित है। संस्था के अध्यक्ष और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजेश चेतन ने बताया कि यह कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक चेतना फैलाने और भारतीयता की संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने के मिशन का हिस्सा है।
मुख्य वक्ता के रूप में इस कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा उपस्थित होंगी। वे विश्व प्रसिद्ध धर्म प्रचारक,उपदेशक और सामाजिक ताने-बाने की कुशल शिल्पकार हैं, साथ ही वात्सल्य ग्राम की संस्थापक भी हैं। उनका दृष्टिकोण और उपदेश लोगों को आत्मिक और सामाजिक रूप से समृद्ध बनाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
सेमिनार का शुभारंभ सुबह साढ़े नौ बजे होगा। अध्यक्षता मंजू श्रीवास्तव, चेयरपर्सन, एकल संस्थान करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में इस्कॉन, रोहिणी के अध्यक्ष केशव मुरारी दास उपस्थित रहेंगे। दीप प्रज्ज्वलन रोहिणी के पूर्व विधायक जयभगवान अग्रवाल द्वारा किया जाएगा। स्वागताध्यक्ष के रूप में अनिल सिंघल, चेयरमैन, गोल्डन मसाले उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर गोल्डन मसाले ने सेमिनार का प्रायोजन भी संभाला है।
चेतना की यह पहल न केवल भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को उजागर करती है, बल्कि समाज के हर वर्ग को एकसूत्र में बाँधने का प्रयास भी करती है। इस सेमिनार में भाग लेकर सभी उपस्थित लोग आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी की अनुभूति करेंगे।







