चंडीगढ़, 19 मार्च।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने आदि शक्ति, जगतजननी मां भवानी की आराधना के पर्व चैत्र नवरात्रि और हिंदू नवसंवत्सर (विक्रम संवत 2083) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से यह नवरात्रि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। साथ ही उन्होंने कामना की कि हिंदू नवसंवत्सर सभी के जीवन में नई खुशियां और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
नवसंवत्सर नई शुरुआत और संकल्प का प्रतीक
मोहन लाल बड़ौली ने अपने संदेश में कहा कि नवसंवत्सर का यह पावन अवसर आत्मचिंतन, नए संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह दिन भारतीय नववर्ष, नवरात्र और गुड़ी पड़वा के रूप में मनाया जाता है, जो नई शुरुआत, समृद्धि और विजय का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि इसी दिन से चैत्र नवरात्र और वासंतिक नवरात्रि का शुभारंभ होता है, जो आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का विशेष पर्व है।
सनातन परंपरा और संस्कृति का प्रतीक
बड़ौली ने कहा कि हिंदू नववर्ष भारतीय सनातन परंपरा, संस्कृति, धर्म, सत्य और संस्कारों की पुनर्स्थापना का प्रतीक है। यह हमारी काल गणना, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रबोध को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण दिन है।
सशक्त और विकसित भारत का आह्वान
अपने संदेश के अंत में उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि यह नववर्ष सभी के जीवन में ऊर्जा, नए अवसर और अपार प्रसन्नता लेकर आए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सामूहिक रूप से नव संकल्पों के साथ सशक्त भारत, समृद्ध भारत और विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें।







