- राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक की बड़ी कार्रवाई
- रिश्वतखोरी मामले में एएसआई जीत सिंह के खिलाफ चालान अदालत में पेश
चंडीगढ़/रोहतक, 28 मार्च 2026।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई जीत सिंह (नं. 177/सोनीपत), थाना शहर गोहाना, जिला सोनीपत के विरुद्ध चालान तैयार कर आज 27.03.2026 को न्यायालय सरताज बसवाना, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे), सोनीपत में दाखिल कर दिया है।
यह मामला अभियोग संख्या 02 , 30.01.2026, धारा 7 तथा 13(1)(d) सहपठित धारा 13(2), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दर्ज किया गया था।
मामले का विवरण
शिकायतकर्ता द्वारा ब्यूरो को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी एएसआई जीत सिंह ने थाना शहर गोहाना में दर्ज अभियोग संख्या 405 , 25.10.2025 (धारा 3, 316(2), 318(2) बीएनएस) में उसके रिश्तेदारों को गिरफ्तार न करने तथा रिमांड के दौरान उसके रिश्तेदार पवन के साथ मारपीट न करने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की पुष्टि के उपरांत ब्यूरो ने निरीक्षक सचिव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष रेडिंग टीम का गठन किया। योजना के तहत आरोपी को 1,50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गोहाना, जिला सोनीपत से गिरफ्तार किया गया।
जांच के बाद कार्रवाई
मामले की गहन जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उसके विरुद्ध चालान तैयार किया गया, जिसे आज न्यायालय में विधिवत प्रस्तुत कर दिया गया।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।







