06 अपैल 2026
पश्चिम एशिया से चिंताजनक खबरें सामने आ रही हैं। ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल सैयद मजीद खदेमी को अमेरिका और इजराइल के कथित हमले में मार दिया गया। ईरान ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया और इसे देश को अस्थिर करने की साजिश बताया।
तेहरान में हाल के हवाई हमलों की श्रृंखला में कम से कम 25 लोग मारे गए, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। शरीफ यूनिवर्सिटी के पास हमले से भारी नुकसान हुआ और आसपास के रिहायशी इलाके प्रभावित हुए। इसी बीच, ईरानी मिसाइलों ने इजराइल के हाइफा शहर को निशाना बनाया, जिसमें 10 जगहों को क्षतिग्रस्त किया गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन मलबे और आग की घटनाएँ सामने आई हैं। यूएई ने अपने वायु रक्षा सिस्टम को सक्रिय किया।
तेहरान में हुए हमलों में छह बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। इजराइल का कहना है कि सरकारी ढांचे पर हमलों की लहर पूरी कर ली गई है, लेकिन रिहायशी इलाके अभी भी खतरे में हैं।
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इजराइल के हमले बढ़े, तो वह होर्मुज और बाब-अल-मंदेब जैसे महत्वपूर्ण जलमार्गों को बंद कर सकता है, जिससे वैश्विक तेल और व्यापार पर बड़ा असर पड़ेगा।अमेरिका और ईरान के बीच संभावित पैंतालीस दिन के सीजफायर पर कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की की मध्यस्थता में बातचीत जारी है, जिसे ‘इस्लामाबाद अकॉर्ड’ कहा गया है। इस समझौते के पहले चरण में तुरंत सीजफायर और दूसरे चरण में स्थायी शांति प्रस्तावित है। ईरान ने कुवैत के बुबियान द्वीप पर अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन हमले का दावा किया है। स्थानीय अधिकारियों ने छह नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया है और बड़े हमलों की चेतावनी जारी की है। फिलहाल पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर है। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सीजफायर पर बातचीत जारी है, लेकिन दोनों तरफ से सैन्य हमले भी लगातार हो रहे हैं।







