Edition

गुरुग्राम सरस्वती कुंज में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान: 19.5 एकड़ भूमि मुक्त, 3420 अवैध झुग्गियां हटाई गईं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • सरस्वती कुंज में पांच दिवसीय विशेष अभियान संपन्न, 19.5 एकड़ भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त
  • 3420 से अधिक अवैध झुग्गियां हटाई गईं, नर्सरी स्कूल साइट व ग्रीन बेल्ट क्षेत्र भी कराया गया खाली

गुड़गांव, 23 मई।

गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित सरस्वती कुंज क्षेत्र में जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई), टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा चलाया गया विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार पांच दिनों तक सफलतापूर्वक चलाने के बाद पूर्ण कर लिया गया है। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान लगभग 19.5 एकड़ कालोनी की लाइसेंसी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। अभियान के तहत करीब 3420 अवैध झुग्गियों को हटाया गया, जबकि नर्सरी स्कूल साइट, ग्रीन बेल्ट एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि को भी खाली कराया गया।

अभियान के अंतिम दो दिनों में डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल एवं मशीनरी की सहायता से कार्रवाई की गई। थाना सेक्टर-53 पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार लगभग 800 तथा शुक्रवार को करीब 850 झुग्गियों को हटाया गया। ये झुग्गियां करीब 3.5 एकड़ भूमि एवं 37 प्लॉटों पर अवैध रूप से स्थापित थीं। कार्रवाई के दौरान एक नर्सरी स्कूल साइट एवं ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही बिना अनुमति निर्माणाधीन दो मकानों को सील किया गया।

18 मई से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 167 प्लॉटों से अवैध कब्जे हटाए गए। डीटीपीई की टीम द्वारा सरस्वती कुंज के विभिन्न हिस्सों में लगातार कार्रवाई करते हुए कॉलोनी की भूमि को पूरी तरह खाली कराया गया। अभियान के दौरान उत्पन्न सी एंड डी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन मलबा) के उठान का कार्य भी समानांतर रूप से शुरू कराया गया, ताकि क्षेत्र में साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

विभाग की ओर से मौके पर मुनादी कराकर स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि खाली कराई गई भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही अवैध रूप से किराया वसूली करने वाले व्यक्तियों की भी जानकारी एकत्र की जा रही है।

डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि भविष्य में दोबारा कब्जे की संभावना रोकने के लिए संबंधित जूनियर इंजीनियरों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। विभाग अब खाली कराई गई भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु फेंसिंग की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए उपायुक्त गुरुग्राम से आग्रह करेगा।

उन्होंने कहा कि पांच दिनों की कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त गुरुग्राम को भेजी जाएगी। बिना अनुमति निर्माण करने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अवैध इमारतों पर तोड़फोड़ अभियान भी तेज किया जाएगा। कालोनी की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें