डा. अर्चना गुप्ता ने विधिवत रूप से ग्रहण किया प्रदेश अध्यक्ष का पदभार
मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने डा. अर्चना गुप्ता को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और नए दायित्व की शुभकामनाएं दी
डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ऊंचाइयों को छुएगी और हम सभी ध्वजवाहक के रूप में साथ खड़े हैं: नायब सैनी 
चंडीगढ़, 3 जून। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पदग्रहण समारोह में विधिवत रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भी पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और भरोसा दिया कि उन्हें जो दायित्व मिला है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, सह प्रदेश प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा के अलावा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सांसद सुभाष बराला, सांसद संजय भाटिया, सांसद कार्तिकेय शर्मा, सांसद रेखा शर्मा सहित मंत्रियों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता को नए दायित्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ऊंचाइयों को छुएगी और हम सभी ध्वजवाहक के रूप में साथ खड़े हैं: नायब सैनी
डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचेगी: नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने डा. अर्चना गुप्ता को आशीर्वाद देकर भाजपा के झंडे को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने डा. अर्चना गुप्ता को नवदायित्व की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लो के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिला। नायब सैनी ने कहा कि पंजाब में कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देख साफ हो गया कि पंजाब में 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के जोश को ठंडा कर दिया है। हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत और पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम से तीसरी बार प्रदेश में नॉन स्टॉप सरकार बनाई है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की परम्परा रही है राज्यसभा सांसद सुभाष बराला प्रदेश अध्यक्ष रहे उनके बाद यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को मिली। नायब सैनी ने कहा कि फिर उन्हें स्वयं संगठन का नेतृत्व करने का अवसर मिला और बाद में मोहन लाल बड़ौली ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी को मजबूती प्रदान की। अब यह जिम्मेदारी डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शीर्ष नेतृत्व ने आज भाजपा का झंडा डा अर्चना गुप्ता के हाथ में दिया है। डा. अर्चना गुप्ता इस झंडे को लेकर आगे बढेंगी और हम सभी उनके पीछे खड़े हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगी।







