Edition

गुरुग्राम में 11 से 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • विशेष स्वच्छता अभियान 2026 के तहत 11 से 20 जून तक जिले भर में चलेंगे व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम
  • ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए बनाया गई विस्तृत कार्ययोजना

गुरुग्राम, 11 जून।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशानुसार जिले में 11 जून से 20 जून तक “विशेष स्वच्छता अभियान 2026” चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देना, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्थायी व्यवहार परिवर्तन सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों, ग्राम सचिवालयों, स्वयं सहायता समूहों, युवा क्लबों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

डीसी ने बताया कि अभियान के पहले दिन सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। 12 जून को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 13 जून से 20 जून तक सार्वजनिक स्थलों, गलियों, नालियों, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों, धार्मिक स्थलों, ग्राम सचिवालयों, जल स्रोतों, गौरव पथों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण, कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण, पौधारोपण तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

डीसी ने सभी अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गांवों का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान की गतिविधियों का नियमित दस्तावेजीकरण करने, प्रगति रिपोर्ट तैयार करने तथा निर्धारित समय सीमा में सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें