Edition

एसआईआर-2026 के तहत विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्थानों पर स्वीप गतिविधियां आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 29 जून

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) कार्यक्रम के तहत जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर स्वीप गतिविधियां आयोजित की गईं। एडीसी एवं स्वीप नोडल अधिकारी सोनू भट्ट के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, गणना प्रपत्र भरने, मतदाता विवरणों का सत्यापन कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया।

हरियाणा रोडवेज गुरुग्राम की ओर से एसआईआर-2026 के तहत जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। अभियान के दौरान यात्रियों और आम नागरिकों को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। उन्हें अपने मतदाता विवरणों का सत्यापन कराने, आवश्यक संशोधन समय पर करवाने तथा गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में फर्रुखनगर में कृषि विभाग द्वारा भी एसआईआर-2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों तथा स्थानीय नागरिकों को निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी गई। उन्हें मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरण सही रखने, गणना प्रपत्र भरने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए जागरूक किया गया।
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी गुरुग्राम की टीम ने भी अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार लोगों को एसआईआर-2026 के उद्देश्य, मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।

रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम ने झुंडसराय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई। साथ ही मतदान से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया, ताकि पात्र मतदाता बिना किसी कठिनाई के निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।एडीसी ने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत जिलेभर में विभिन्न विभागों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम से जोड़ना तथा अधिक से अधिक लोगों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें