Edition

22 परीक्षा केंद्रों पर 15,367 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, विशेष परिवहन व्यवस्था सहित सभी तैयारियां पूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 3 जुलाई- डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा 4 व 5 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय पर परीक्षा केंद्रों तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

डीसी ने बताया कि 4 जुलाई (शनिवार) को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 5 जुलाई (रविवार) को लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पीजीटी के 4,674, टीजीटी के 6,984 तथा पीआरटी के 3,709 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 15,367 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा एवं समय पर परीक्षा केंद्रों तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में चार या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी व्यक्ति को आग्नेयास्त्र, तलवार, बरछा, कुल्हाड़ी, भाला, चाकू, लाठी अथवा अन्य किसी प्रकार के आक्रामक हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। आदेशों के तहत 4 व 5 जुलाई को प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटोकॉपी (फोटोस्टेट) दुकानों एवं कोचिंग संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या किसी भी प्रकार का संचार माध्यम ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने आमजन से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें