भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने पानीपत रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का किया स्वागत
डा. अर्चना गुप्ता ने जेपी नड्डा के साथ अंबाला तक ट्रेन से यात्रा की और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की
पानीपत 6 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को पानीपत रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नड्डा के साथ ट्रेन से अंबाला तक यात्रा की।
यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों तथा प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। डा. अर्चना गुप्ता ने प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठनात्मक विषयों पर श्री नड्डा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने दो महिलाओं की जान बचाने वाले कांस्टेबल जगरूप सिंह को किया सम्मानित
इससे पूर्व डॉ. अर्चना गुप्ता ने पानीपत रेलवे स्टेशन पर हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल जगरूप सिंह को सम्मानित किया। हाल ही में जगरूप सिंह ने अद्भुत साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए चलती ट्रेन से गिर रही दो महिलाओं की जान बचाकर मानवता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया था।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जगरूप सिंह जैसे कर्मठ और समर्पित पुलिसकर्मी पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। सिपाही जगरूप सिंह ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का सम्मान समाज में सेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करता है।








