गुरुग्राम, 12 जुलाई।
- एसआईआर-2026 अभियान के केवल दो दिन शेष, 14 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करने की अपील
- गांव टिकरी में प्रवेश द्वार, मोक्ष धाम सौंदर्यीकरण व सरकारी स्कूल में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि आमजन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान हो और विकास योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह रविवार को अपने धन्यवाद दौरे के तहत गुरुग्राम की विपुल ग्रीन्स सोसायटी, सेक्टर-48 पहुंचे। सोसायटी निवासियों ने फूलमालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं तथा विकास से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
सोसायटी निवासियों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष सड़कों के चौड़ीकरण, ग्रीन बेल्ट के रखरखाव, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याएं रखीं। राव नरबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्ष
ण अभियान एसआईआर-2026 में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है और अब केवल दो दिन शेष हैं। जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भर लिए हैं, वे अपने गणना प्रपत्र शीघ्र संबंधित बूथ स्तर अधिकारी को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश संबंधित बूथ स्तर अधिकारी अभी तक किसी मतदाता के घर नहीं पहुंच पाए हैं तो ऐसे मतदाता इंतजार न करें और स्वयं अपने संबंधित बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे भरकर समय रहते जमा करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 14 जुलाई के बाद गणना प्रपत्र जमा करने की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी और जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा नहीं होंगे, उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची को अपडेट करने की अपील की।
इस अवसर पर पार्षद कुलदीप यादव, सोसायटी प्रेसिडेंट अमित जिंदल, जनरल सेक्रेटरी धीरज, जॉइंट सेक्रेटरी रजनीश और वाइस प्रेसिडेंट दिनेश सेठी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गांव टिकरी में विकास कार्यों की सौगात, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को गांव टिकरी में प्रवेश द्वार, मोक्ष धाम के सौंदर्यीकरण तथा सरकारी स्कूल में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर और फूलमालाओं से उनका स्वागत करते हुए विकास कार्यों की शुरुआत के लिए आभार जताया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गांवों में शिक्षा, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है तथा क्षेत्र के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।







