चंडीगढ़//समालखा, 12 जुलाई
पानीपत के समालखा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को डा. अर्चना गुप्ता के स्वागत के लिए जन-सैलाब उमड़ा पड़ा। सड़कों पर दूर-दूर तक लोगों की भीड़ ने प्रदेश अध्यक्ष पर फूलों की बारिश की और महिलाओं की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
समलाखा पहुंचने पर जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, समालखा नगर परिषद चेयरमैन अशोक कुच्छल, पानीपत महापौर कोमल सैनी, सोनीपत महापौर राजीव जैन, पानीपत जिला परिषद चेयरमैन ज्योति शर्मा, पूर्व प्रत्याशी शशिकांत कौशिक, जिला महामंत्री सुनील कंसल, पूर्व महामंत्री क्रिशन छोक्कर ने प्रदेश अध्यक्ष का पुष्प मालाओं से स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा यह स्वागत स्वागत केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति का सम्मान है। समालखा के लोगों ने जिस प्रकार मातृशक्ति के प्रति अपना प्यार और विश्वास दिखाया है, वह न केवल प्रशंसनीय है बल्कि पूरे भारतवर्ष की महिलाओं के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा, यह केवल एक भीड़ नहीं, बल्कि आप सभी का मुझ पर अटूट विश्वास और प्रेम का प्रतीक है। आप लोगों का यह असीम प्रेम और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा है और मुझे निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
डा. अर्चना गुप्ता ने अभिनंदन एवं स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। पिछले वर्षों में मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए देश के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास की भागीदार बनाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने, आयुष्मान भारत तथा पीएम आवास योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। नायब सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों और कर्मचारियों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, स्वरोजगार को बढ़ावा तथा पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीब कल्याण, आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल भारत, किसानों के सम्मान, युवाओं के रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। यही कारण है कि देश की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर लगातार मजबूत हुआ है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा प्रदेश के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचें।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज सेवा में जुटा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और हरियाणा इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 जुलाई को जींद में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित भारत और विकसित भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि रैली को पूरी तरह इको-फ्रेंडली स्वरूप दिया जा रहा है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई से जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारतीय रेलवे के हरित भविष्य की नई शुरुआत करेंगे। स्वच्छ ऊर्जा आधारित यह पहल कार्बन उत्सर्जन कम करने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।







