रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कामयाबी: कंपनी कर्मचारी के अपहरण और लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, तीन नाबालिग समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी, 13 जुलाई। रेवाड़ी पुलिस ने आईएमटी बावल क्षेत्र में कंपनी कर्मचारी के अपहरण और लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
बावल के डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने प्रेसवार्ता में बताया कि 11 जुलाई को आईएमटी बावल के सेक्टर-6 स्थित एक निजी कंपनी में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत सूरज का कुछ युवकों ने खाटूश्याम जाने के बहाने संपर्क किया। आरोपियों ने एक हुंडई वेन्यू कार किराए पर ली और उसी वाहन में सूरज को बैठाकर देसी पिस्तौल के बल पर उसका अपहरण कर लिया।
पीड़ित को एक नहर के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रास्ते में सूरज को हथियार दिखाकर धमकाया और उसके बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से 24 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को एक नहर के पास छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित सूरज ने 12 जुलाई को कसौला थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
हथियार और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े
पुलिस ने गांव तिहाड़ा निवासी मोहित, मोहल्ला जटवाड़ा निवासी कमल तथा तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मोहित और कमल पर पहले से ही लूट, हथियार और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े नौ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि आरोपियों को घटनास्थल और अन्य स्थानों पर निशानदेही के लिए ले जाया गया। इस दौरान भागने की कोशिश में एक आरोपी गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायल आरोपी का उपचार कराने के बाद उसे पुलिस हिरासत में रखा गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वे इससे पहले भी इस तरह की अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं। साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच की जा रही है।
रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देशानुसार रेवाड़ी पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।







