Edition

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्यों में लाई जाए तेजी : एडीसी सोनू भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 23 जुलाई।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर समयबद्ध सुधार कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट्स पर इंजीनियरिंग सुधार, प्रभावी प्रवर्तन, सड़क सुरक्षा जागरूकता जैसे सभी पहलुओं पर समान रूप से कार्य करना आवश्यक है। यह निर्देश उन्होंने जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को दिए, जिसमें जिले के ब्लैक स्पॉट्स, दुर्घटना संभावित स्थलों, जीरो फेटेलिटी अभियान तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।

 

नशे मेंवाहन चलाने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जून माह में कुल 1896 चालान किए जा चुके हैं। एसीपी ट्रैफिक ने जानकारी दी कि एनआईसी सर्वर के माध्यम से 1,536 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए भेजे गए हैं। इस पर एडीसी सोनू भट्ट ने संबंधित एसडीएम एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि तकनीकी बाधाओं का शीघ्र समाधान कर नशे में वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

ओवरलोड वाहनों पर सख्ती बढ़ाने के निर्देश, लगातार जारी रहे जांच अभियान

बैठक में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध की जा रही इन्फोर्समेंट कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जून 2026 में ओवरलोडिंग के 220 चालान किए गए, जबकि 1 जुलाई से 21 जुलाई तक 184 वाहनों के चालान कर 1 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। इस पर एडीसी सोनू भट्ट ने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) तथा संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहन सड़क दुर्घटनाओं, सड़कों को नुकसान पहुंचाने तथा प्रदूषण बढ़ाने का कारण बनते हैं। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में बिलासपुर चौक, बिनोला, पंचगांव चौक, मानेसर, नरसिंहपुर, खांडसा, नाहरपुर, सेक्टर-31, बादशाहपुर चौक, वाटिका चौक तथा एयरिया मॉल सहित 21 ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा की गई। इन स्थानों पर सड़क चिह्नांकन, स्ट्रीट लाइट, संकेतक बोर्ड, पैदल पार पथ, स्पीड कैल्मिंग उपाय, अवैध कट बंद करने तथा अन्य इंजीनियरिंग सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत, अतिरिक्त निगम आयुक्त रविंद्र यादव, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, एडीटीओ हरेंद्र वीर, एनएचएआई के अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
0000

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें