- 60 देशों की शीर्ष खिलाड़ी डब्ल्यूटीए विश्व रैंकिंग अंकों के लिए करेंगी मुकाबला
- भारत में उच्च-प्रदर्शन खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एचसीएल की महत्वपूर्ण पहल
गुरुग्राम, 24 फरवरी 2026:
भारत में महिला टेनिस को नई गति देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एचसीएल ग्रुप द्वारा आयोजित एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 टेनिस टूर्नामेंट का सफल आगाज़ हो चुका है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 फरवरी से गुरुग्राम स्थित ‘द टेनिस प्रोजेक्ट’ में शुरू हो चुकी है और 1 मार्च तक आयोजित की जाएगी।
टूर्नामेंट में विश्वभर से 60 प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी भाग लेंगी, जो डब्ल्यूटीए (विमेंस टेनिस एसोसिएशन) के महत्वपूर्ण विश्व रैंकिंग अंकों और 15,000 अमेरिकी डॉलर की कुल पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह आयोजन भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू धरती पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करेगा।
एचसीएल इससे पहले साइक्लिंग, स्क्वैश और ब्रिज जैसे खेलों में सफल पहल कर चुका है। टेनिस में भी 2014 से 2018 के बीच एचसीएल ने ‘एचसीएल जूनियर टूर’ और ‘मास्टर्स’ के माध्यम से जमीनी स्तर पर खेल के विकास पर ध्यान केंद्रित किया। अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) और अन्य संगठनों के सहयोग से अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताएँ आयोजित कर युवा खिलाड़ियों को पेशेवर मंच और अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र प्रदान किया गया।
इस वर्ष का टूर्नामेंट उभरती प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर लेकर आया है। थाईलैंड की एंचिसा चांता (डब्ल्यूटीए रैंकिंग 440) शीर्ष वरीय खिलाड़ी के रूप में उतरेंगी। भारत की उम्मीदें ज़ील देसाई (डब्ल्यूटीए रैंकिंग 639) पर टिकी हैं, जिन्हें पाँचवीं वरीयता मिली है। पाँच भारतीय खिलाड़ियों को मुख्य ड्रॉ में सीधा प्रवेश मिला है, जबकि चार खिलाड़ियों को सिंगल्स में वाइल्ड कार्ड प्रदान किए गए हैं। डबल्स में भी तीन भारतीय जोड़ियों को मुख्य ड्रॉ में स्थान मिला है। यह मंच भारतीय खिलाड़ियों को अपने वैश्विक रैंकिंग अंक सुधारने का सुनहरा अवसर देगा।
एचसीएल ग्रुप के एवीपी एवं हेड (ब्रांड एवं स्ट्रैटेजी) रजत चंडोलिया ने कहा, “एचसीएल में हम खेल को परिवर्तन का प्रभावशाली माध्यम मानते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट के माध्यम से टेनिस में हमारी नई पहल भारतीय खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्व रैंकिंग अर्जित करने का अवसर और अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें विदेशों में खेलने से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों का सामना कम करना पड़े। यह पहल भारतीय खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर सशक्त बनाने की हमारी व्यापक सोच का हिस्सा है।”
टूर्नामेंट का नेतृत्व भारतीय बिली जीन किंग कप टीम के कप्तान और वरिष्ठ टेनिस कोच विशाल उप्पल कर रहे हैं, जिन्हें भारतीय टेनिस के विकास में उनके योगदान के लिए जाना जाता है।
विशाल उप्पल ने कहा, “एचसीएल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ साझेदारी करना हमारे लिए गर्व की बात है। एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 टूर्नामेंट महिला खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। भारत में इस तरह के संरचित और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना उभरती प्रतिभाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन के बीच की दूरी को कम करने में सहायक होगा। महिला टेनिस को मिला यह समर्थन भारतीय टेनिस के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।”
एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 टूर्नामेंट, आईटीएफ महिला विश्व टेनिस टूर का हिस्सा है, जो खिलाड़ियों को डब्ल्यूटीए रैंकिंग अंक अर्जित करने और पेशेवर टेनिस में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। इस पहल का उद्देश्य भारत में महिला टेनिस के स्तर को ऊँचा उठाना और भारतीय खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर बेहतर एक्सपोज़र दिलाना है।







