लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, 28 जुलाई। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विपक्षी दलों का कहना है कि जब तक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छात्रों से माफी नहीं मांगते और छात्रों पर कथित अत्याचार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे सदन में चर्चा में भाग नहीं लेंगे।
इससे पहले सरकार की ओर से दावा किया गया था कि विपक्ष चर्चा के लिए सहमत हो गया है और मंगलवार को पूरे दिन विभिन्न मुद्दों पर सदन में चर्चा होगी। हालांकि, जैसे ही लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों के सांसदों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन शोर-शराबा जारी रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा में भी विपक्ष ने इसी मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखा।







