रेवाड़ी, 29 जुलाई। हरियाणा और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के लगातार प्रयासों के बाद अब नमो मेट्रो (RRTS कॉरिडोर) को केवल धारूहेड़ा या बावल तक ही नहीं, बल्कि राजस्थान के बहरोड़ तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शहरी विकास मंत्रालय ने RRTS कॉरिडोर को बहरोड़ तक विस्तार देने के लिए मंजूरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे लंबे समय से लंबित इस परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है। 
राव इंद्रजीत सिंह पिछले कई वर्षों से दिल्ली-एनसीआर के रैपिड रेल नेटवर्क को बहरोड़ तक विस्तारित करने की लगातार मांग उठाते रहे हैं। पहले परियोजना के प्रथम चरण में रैपिड मेट्रो को धारूहेड़ा तक और बाद में बावल तक ले जाने की योजना पर चर्चा थी, लेकिन अब बहरोड़ तक विस्तार को प्राथमिकता दिए जाने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं।
बताया गया कि हाल ही में हुई NCR Planning Board की बैठक में भी राव इंद्रजीत सिंह ने केवल बावल तक नहीं, बल्कि बहरोड़ तक RRTS कॉरिडोर ले जाने का जोरदार पक्ष रखा। इसके बाद मंत्रालय की ओर से आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यदि यह परियोजना मंजूर होकर धरातल पर उतरती है, तो सराय काले खां से बहरोड़ तक हाई-स्पीड रैपिड रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे रेवाड़ी, धारूहेड़ा, बावल और बहरोड़ के औद्योगिक क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। बेहतर परिवहन सुविधा से निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







