31 जुलाई को प्रकाशित होगी फोटोयुक्त मतदाता सूची, 30 अगस्त तक कर सकेंगे दावे और आपत्तियां
गुरुग्राम, 30 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम जिले में 31 जुलाई 2026 को फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी पात्र नागरिक अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो वह निर्धारित अवधि के दौरान दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान फर्जी, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट चिह्नित मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से अलग किए गए हैं। ऐसे मतदाताओं की एएसडीडी (ASDD) सूची संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध रहेगी। इससे मतदाता अपने नाम की स्थिति की पुष्टि भी कर सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीसी के माध्यम से की समीक्षा
इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते दूर किया जाए, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी प्रारूप मतदाता सूची
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची और एएसडीडी सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। इससे मतदाता घर बैठे अपने नाम एवं अन्य विवरणों की ऑनलाइन जांच कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में नागरिक नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने, नाम हटवाने, पते या अन्य विवरणों में संशोधन करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा तथा 28 सितंबर 2026 तक सभी मामलों का समाधान कर 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एईआरओ कार्यालयों में होगी सुनवाई
डीसी ने बताया कि मतदाता अपने संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (AERO) कार्यालय में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। यहां नाम जोड़ने, नाम हटाने, मतदाता विवरण में संशोधन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के लिए निर्धारित सुनवाई स्थल
गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए अलग-अलग एईआरओ कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। इनमें पुराना एमसीजी कार्यालय, विकास सदन स्थित डीपीओ कार्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुरुग्राम गांव, मार्केट कमेटी कार्यालय, जीएसएसएस सेक्टर-4/7, बीईओ कार्यालय गुरुग्राम, तहसील गुरुग्राम, तहसील कादीपुर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्जुन नगर, जीएसएसएस चक्करपुर, एमसीजी कार्यालय सेक्टर-42, जीएसएसएस कन्हई, जीएमएसएसएस सेक्टर-43 तथा जीएसएसएस वजीराबाद शामिल हैं। संबंधित मतदान केंद्रों के मतदाता अपने निर्धारित केंद्र पर जाकर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।
पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए भी अलग व्यवस्था
पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए तहसील पटौदी, एसडीओ डीएचबीवीएन भोड़ाकलां, बीडीपीओ कार्यालय पटौदी, एसडीएम कार्यालय मीटिंग हॉल तथा एसडीओ डीएचबीवीएन हेलीमंडी सहित विभिन्न स्थानों को सुनवाई केंद्र बनाया गया है। मतदान केंद्रों के अनुसार संबंधित मतदाता अपने निर्धारित केंद्र पर आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
सोहना विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के लिए सुविधा
सोहना विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के लिए तहसील कार्यालय सोहना, राजकीय महाविद्यालय रिठौज-भोंडसी, एसडीएम कार्यालय सोहना, बीडीपीओ कार्यालय सोहना, बीईओ कार्यालय सोहना, तहसील कार्यालय तावड़ू, बीईओ कार्यालय तावड़ू तथा एसडीएम कार्यालय तावड़ू को सुनवाई स्थल बनाया गया है। संबंधित मतदान केंद्रों के अनुसार मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां यहां प्रस्तुत कर सकते हैं।
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी व्यापक व्यवस्था
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए तहसील वजीराबाद, तहसील बादशाहपुर, मार्केट कमेटी फर्रुखनगर, तहसील मानेसर, जीएसएसएस कादीपुर, जीएसएसएस बादशाहपुर, जीजीएसएसएस बादशाहपुर, जीएसएसएस खांडसा, जीएसएसएस नाथूपुर, जीएसएसएस साधराना, जीएसएसएस बीपी खटोला, जीएसएसएस इस्लामपुर, जीएसएसएस सिकोंहपुर, जीएसएसएस ग्वाल पहाड़ी, जीएसएसएस पातली, जीएसएसएस भीमगढ़ खेड़ी, जीएसएसएस डुंडाहेड़ा, जीएसएसएस नर्सिंगपुर, तहसील हर्सरू, तहसील फर्रुखनगर तथा जीएसएसएस दरबारीपुर सहित विभिन्न स्थानों को सुनवाई केंद्र बनाया गया है।
31 जुलाई को राजनीतिक दलों के साथ होगी बैठक
फोटोयुक्त मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में 31 जुलाई को दोपहर 12 बजे लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रारूप मतदाता सूची, दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा एएसडीडी सूची से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर गुरुग्राम के एसडीएम हितेन्द्र कुमार, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव सहित निर्वाचन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपने मतदाता विवरण की जांच कर लें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दावा या आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन तैयार की जा सके।







