राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़ का गुरुग्राम में होगा भव्य सम्मान
गुरुग्राम। वर्ष 2026 के राष्ट्रमंडल खेलों में ग्लासगो में आयोजित महिला शॉटपुट F57 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.81 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ का गुरुग्राम सैनी युवा जागृति मंच की ओर से भव्य सम्मान किया जाएगा।
शर्मिला धनखड़ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुरुग्राम सैनी युवा जागृति मंच की टीम ने उनके पति अजीत सैनी को फोन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंच के प्रधान महेंद्र सैनी (लीलू), गगन दीप सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने अजीत सैनी को बधाई देते हुए कहा कि शर्मिला धनखड़ की उपलब्धि से पूरे देश के साथ-साथ समाज का गौरव भी बढ़ा है।
जल्द आयोजित होगा सम्मान समारोह
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि शर्मिला धनखड़ के सम्मान में गुरुग्राम में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उनकी ऐतिहासिक खेल उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
मंच के सदस्यों ने कहा कि शर्मिला धनखड़ ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर देश के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी यह सफलता देश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि शर्मिला धनखड़ की उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।
गुरुग्राम सैनी युवा जागृति मंच ने शर्मिला धनखड़ और उनके परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंच के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे समाज और देश के लिए गर्व का विषय है।









