जोन-7 में विशेष स्वच्छता अभियान, सेक्टर-52 की मुख्य सड़कों और गलियों से हटाया गया कूड़ा
लगभग 50 सफाई कर्मचारियों की टीम ने संभाला मोर्चा, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 2 रिक्शा-रेहड़ियों की मदद से करीब 6 ट्रॉली कूड़ा उठाया गया
गुरुग्राम, 3 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाने के उद्देश्य से लगातार विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जोन नंबर-7 क्षेत्र में वीरवार को सेक्टर-52 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सेक्टर-52 की मेन रोड पर गेट नंबर-2 से गेट नंबर-4 तक तथा सेक्टर-52 की 18 मीटर रोड से लगती हुई सभी गलियों में विशेष रूप से सफाई कार्य करवाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में उचित स्वच्छता सुनिश्चित करना, सड़कों एवं फुटपाथों से कूड़ा हटाना तथा हरित क्षेत्रों को प्लास्टिक एवं अन्य कचरे से मुक्त करना रहा।

विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र की मुख्य सड़कों की सफाई के साथ-साथ फुटपाथों पर जमा मिट्टी, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई टीमों ने चिन्हित स्थानों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया। इसके अलावा हरित क्षेत्रों में पड़े प्लास्टिक कचरे और अन्य कूड़े को भी हटाया गया, ताकि क्षेत्र की साफ-सफाई के साथ-साथ पर्यावरणीय स्वच्छता भी सुनिश्चित की जा सके। अभियान के तहत जीटी की भी विशेष रूप से सफाई करवाई गई। इन स्थानों पर जमा कचरे को हटाकर निर्धारित सफाई संसाधनों के माध्यम से उठान सुनिश्चित किया गया। इससे कूड़ा जमा होने वाले स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली।
विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नगर निगम द्वारा पर्याप्त मानवबल एवं सफाई संसाधन उपलब्ध करवाए गए। अभियान में 50 सफाई कर्मचारी, 03 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व 02 रिक्शा-रेहड़ियां
तैनात की गईं। सफाई कर्मचारियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से अभियान के दौरान क्षेत्र से लगभग 06 ट्रॉली कूड़ा-कचरा उठवाकर हटाया गया।नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस प्रकार के अभियानों का उद्देश्य मुख्य सड़कों, फुटपाथों, हरित क्षेत्रों और कूड़ा स्थानान्तरण बिंदुओं की सफाई के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नगर निगम की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास कूड़ा-कचरा न फैलाएं, कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम की सफाई टीमों का सहयोग करें।








