रेवाड़ी, 17 अक्टूबर 2026। श्री शिव रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के छठे दिन राम-भरत मिलाप, शूर्पणखा की नाक काटने, खर-दूषण के संहार और रावण द्वारा सीता हरण की योजना बनाने के प्रसंगों का मंचन किया गया। राम-भरत मिलाप के भावुक दृश्य और भरत द्वारा गाए गए भजन ‘करूं बार-बार विनती, घर चलिए रघुराई’ ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान कई दर्शकों की आंखों से आंसू छलक पड़े। रामलीला के छठे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ रेवाड़ी के विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए सत्य, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सबसे बड़ी पाठशाला है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मंचन या मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति, समृद्ध परंपरा और जीवन मूल्यों को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम ने जिस तरह हर रिश्ते का सम्मान किया और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर अधर्म तथा अहंकार पर विजय प्राप्त की, उसी भावना को आज समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनाने की आवश्यकता है। लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि आधुनिक दौर में युवा पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के चरित्र, आदर्शों और आज्ञाकारिता को केवल देखने या सुनने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इन्हें अपने दैनिक आचरण में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म और न्याय के मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, संस्कारी और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
शूर्पणखा की नाक काटने और खर-दूषण वध का मंचन
रामलीला में आगे लक्ष्मण द्वारा शूर्पणखा की नाक काटने और खर-दूषण का संहार करने के प्रसंगों का मंचन किया गया। जब रावण को इस घटना की जानकारी मिली, तो उसने सीता हरण की योजना बनाई। इन दृश्यों ने दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से रूबरू कराया। कार्यक्रम के दौरान रेवाड़ी के पूर्व जिला उपायुक्त अशोक गर्ग की धर्मपत्नी रजनी गर्ग ने उपस्थित दर्शकों को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की शपथ भी दिलवाई। इस अवसर पर पार्षद एवं सैनी सभा के प्रधान चेतराम सैनी, पार्षद एवं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, पार्षद मुकेश सोनी, पार्षद ओमप्रकाश सैनी, पार्षद प्रतिनिधि संदीप यादव, पार्षद प्रतिनिधि निखिल भारद्वाज, पार्षद सचिन अनंत, पूर्व पार्षद मोनू राव और मार्केट बोर्ड के चेयरमैन अनिल सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। रामलीला का निर्देशन डायरेक्टर कपिलचंद शर्मा और डॉ. श्याम बिहारी ने किया। मंच संचालन एडवोकेट भूपेंद्र गुप्ता ने किया, जबकि प्रमोटिंग का कार्य एडवोकेट नितेश अग्रवाल ने संभाला। श्री शिव रामलीला समिति के महासचिव दीपक मंगला ने बताया कि रामलीला के सफल आयोजन में अजय मित्तल, राकेश पाल्हावासिया, नरेश मित्तल, राधेश्याम मित्तल, प्रधान नवल किशोर गुप्ता, उपप्रधान अनिल कुमार गोयल, रमेश गेरा, सुरेश गर्ग, सन्नी गोयल, जितिन अग्रवाल, मुकेश एसआरसीएस, गिरिश सिंघला, मुकेश जिंदल, रिशू यादव, राकेश गोयल और विष्णु गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।





