हरियाणा सरकार के नायाब 2 साल: 217 संकल्पों में से 76 पूरे, 141 पर काम जारी — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा सरकार के 2 साल पूरे, CM नायब सिंह सैनी ने गिनाईं उपलब्धियां |

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर 2026। हरियाणा में भाजपा सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनविश्वास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के विकास को नई गति दी है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र में किए गए 217 संकल्पों में से 76 को दो वर्षों में पूरा कर लिया गया है, जबकि 141 संकल्पों पर काम जारी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सेवा का दायित्व सौंपा है, सरकार उसे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निभा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए है। प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना और हरियाणा को विकास, समान अवसर तथा जनकल्याण के नए आयामों तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सरकार के दो वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया।

विपक्ष पर साधा निशाना, कांग्रेस के पुराने कार्यकाल पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में हरियाणा को नंबर वन बताने वाले नेताओं को प्रदेश की बदलती तस्वीर और विकास हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में हरियाणा पर्ची-खर्ची, भाई-भतीजावाद, भय, भ्रष्टाचार और क्षेत्रवाद के मामले में आगे था। उन्होंने कहा कि उस समय नौकरियों में योग्यता के बजाय सिफारिश का बोलबाला था और प्रदेश के विकास में क्षेत्रीय भेदभाव किया गया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दस वर्षों के दौरान हरियाणा के एक ही क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया गया, जबकि बाकी प्रदेश की अनदेखी हुई। बिजली और गैस आपूर्ति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पुराने कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय 24 घंटे बिजली देने के वादे किए जाते थे, लेकिन लोगों को चार से पांच घंटे ही बिजली मिलती थी। उन्होंने कहा कि जनता ने इन परिस्थितियों को देखते हुए बदलाव का निर्णय लिया और कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया।

सत्ता में रहते जनता से नहीं मिलते थे कांग्रेस नेता: सैनी

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के नेता सड़कों पर घूमकर जनता के बीच जाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जब वे सत्ता में थे, तब आम लोगों से मिलना तक पसंद नहीं करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और जनता ने चुनाव में इसका जवाब दिया।

विकसित भारत-2047 के अनुरूप विकसित हरियाणा का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के विजन के अनुरूप हरियाणा को देश का अग्रणी विकसित राज्य बनाना सरकार का संकल्प है। इसी उद्देश्य से ‘विकसित हरियाणा, विकसित भारत’ की भावना के साथ नीतियों और योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान की खुशहाली, गरीबों का आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं का सम्मान तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले दो वर्षों में सरकार के निर्णयों और योजनाओं का केंद्र यही वर्ग रहे हैं।

महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों के लिए किए गए प्रमुख संकल्प पूरे

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि सरकार ने चुनावी संकल्प-पत्र के 217 संकल्पों में से 76 को दो वर्षों में पूरा किया है। इनमें कई महत्वपूर्ण योजनाएं और फैसले शामिल हैं। प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता, सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद और नकली खाद, बीज तथा कीटनाशक बनाने या बेचने वालों को पांच साल की सजा देने संबंधी कानून शामिल हैं। इसके अलावा, डंकी रूट की समस्या को खत्म करने के लिए कानून बनाने, हरियाणा के अग्निवीरों को सरकारी नौकरी की गारंटी, सरकारी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा जैसे संकल्पों को पूरा करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अनुबंधित कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा देने और हरियाणा राज्य के गठन से पहले के पट्टेदारों को भूमि का मालिकाना हक देने को भी सरकार की उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि बाकी 141 संकल्पों पर काम प्रगति पर है।

केंद्र से हरियाणा को मिली सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने 18 दौरों के दौरान प्रदेश को 86 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हरियाणा को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। मुख्यमंत्री ने इसे केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया।

बिना पर्ची-खर्ची 46,500 युवाओं को मिली नौकरी

सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं को नौकरी पाने के लिए नेताओं की सिफारिश और चक्कर लगाने पड़ते थे। अब युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और उन्हें योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने एचसीएस परीक्षा के परिणाम का उल्लेख करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया में बदलाव का असर दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक 46,500 युवाओं को नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची के भर्ती करने की व्यवस्था को मजबूत किया है।

पंजाब में नशे की समस्या पर आम आदमी पार्टी से मांगा जवाब

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर वहां की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि नशे को तीन से छह महीने में खत्म करने या कम करने के वादे पर अब तक क्या परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने कार्रवाई के लिए उपलब्ध समय गंवा दिया है और नशे के खिलाफ शिकायत करने में भी लोग डर महसूस करते हैं। मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार से जनता के सामने अपने वादों और उनके परिणामों का जवाब देने की मांग की।

प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली को बताया प्रेरणादायक

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे बिना थके और बिना रुके देश को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों से देश और विदेश में बसे भारतीयों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। अपने हालिया स्वीडन दौरे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां भी लोग प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उत्साह दिखाते हैं और भारत में काम करने तथा निवेश करने के इच्छुक हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की नीतियों का प्रभाव बताया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री की नीतियों और उनके प्रभाव की समझ नहीं है। प्रेस वार्ता में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा, आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दो वर्षों के कार्यकाल का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सरकार अपने चुनावी संकल्पों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रयासों से हरियाणा को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें