गुरुग्राम, 19 अक्टूबर। मंडल रोजगार कार्यालय, गुरुग्राम एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में 23 अक्टूबर को राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 40 कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। सहायक रोजगार अधिकारी ज्योति ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में एआरजीएल प्राइवेट लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक, विरबो मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, ओम एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, बजाज लाइफ, गोल्डन ट्यूलिप, बजाज मोटर्स, प्रिकोल तथा हिताची कैश मैनेजमेंट लिमिटेड सहित अनेक कंपनियां भाग लेंगी। मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं आईटीआई पास बेरोजगार युवा अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। मंडल रोजगार कार्यालय की ओर से इच्छुक युवाओं से अपील की गई है कि वे रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अपने संबंधित रोजगार कार्यालय का पहचान पत्र (रजिस्ट्रेशन कार्ड), शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र तथा बायोडाटा (रिज्यूमे) साथ लेकर आएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकें।





