गुरुग्राम : दिनांक 03 मार्च 2026
श्रीमती संगीता कालिया आईपीएस, संयुक्त पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के संज्ञान में आया कि शस्त्र लाइसेंस से संबंधित आवेदनों को सरल पोर्टल पर अपलोड करते समय अनेक आवेदनों में त्रुटियां पाई जा रही हैं, जिसके कारण आवेदकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आमजन की सुविधा एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शस्त्र लाइसेंस शाखा, कार्यालय संयुक्त पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम में एक विशेष सहायता केंद्र स्थापित किया गया है, जहां आवेदकों को शस्त्र लाइसेंस संबंधी सभी प्रक्रियाओं में समुचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
यह सहायता केंद्र कार्य दिवसों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान कोई भी व्यक्ति शस्त्र लाइसेंस से संबंधित सेवाओं के लिए निःशुल्क सरल पोर्टल पर आवेदन अपलोड कराने की सुविधा प्राप्त कर सकता है।
इसके अतिरिक्त सहायता केंद्र हेतु हेल्पलाइन नंबर 8595953261 जारी किया गया है, जिस पर कार्य दिवसों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि शस्त्र लाइसेंस संबंधी जानकारी या आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए स्थापित सहायता केंद्र का अधिकतम लाभ उठाएं।







