नूंह, 15 नवंबर 2026। हरियाणा के मेवात क्षेत्र के नूंह जिले में रविवार तड़के पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। फिरोजपुर झिरका CIA पुलिस टीम और पिकअप सवार संदिग्ध गो-तस्करों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से सात गोवंश, एक पिकअप गाड़ी और तीन देसी पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे फिरोजपुर झिरका CIA टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पिकअप गाड़ी में गोवंश भरकर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव बीमा के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप गाड़ी वहां पहुंची। पुलिस के अनुसार, गाड़ी में सवार लोगों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। वहीं, गोली लगने से एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। घटना के बाद पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान साबिर और गब्बर उर्फ हड़िया की मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल ताहिर का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान राजस्थान के दौसा जिले के निवासी गब्बर उर्फ हड़िया और नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के फौंदा का बास बीमा निवासी साबिर के रूप में हुई है। वहीं घायल ताहिर राजस्थान के डीग जिले के घाटमीका गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

सात गोवंश और तीन देसी पिस्तौल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पिकअप गाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी में सात गोवंश मिले, जिन्हें पुलिस ने मुक्त कराया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से तीन .315 बोर की देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस के खोल भी बरामद किए हैं। पिकअप गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
मुठभेड़ में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू करवा दी है। दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस की ओर से मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि नूंह जिले में गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ताजा मुठभेड़ में दो लोगों की मौत और एक आरोपी के घायल होने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।





