चंडीगढ़, 26 नवंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर अपना समर्थन जाहिर करते हुए कहा कि यदि हरियाणा सरकार इसे लागू करती है तो वह इसका पुरजोर समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून के सामने सभी नागरिक एक समान हैं और सभी के लिए एक समान कानून होना चाहिए। चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान अनिल विज से हरियाणा में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किए जाने को लेकर सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार के लिए देश के सभी नागरिक एक समान होने चाहिए। यह संविधान की मूल भावना भी है। सरकार और नागरिकों के बीच संबंध में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
संविधान बचाओ मार्च को लेकर कांग्रेस पर निशाना
हरियाणा विधानसभा में संविधान को समर्पित विशेष सत्र और कांग्रेस की ओर से पंचकूला में निकाले जा रहे संविधान बचाओ मार्च को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान को जितनी बार नुकसान पहुंचाया है, उतना किसी अन्य ने नहीं किया। विज ने कहा कि कांग्रेस ने 90 बार संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर विधिवत चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने आपातकाल लगाने, विपक्षी नेताओं को जेल में डालने और सेंसरशिप लागू करने का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान संविधान की भावना के विपरीत काम किए गए।उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब विपक्ष इन पुराने जख्मों को छिपाने के लिए ‘लाल किताब’ लेकर घूम रहा है।
‘संविधान मजबूत है, उसे बचाने की जरूरत नहीं’
कांग्रेस की ओर से संविधान बचाने की बात किए जाने पर विज ने कहा कि संविधान बहुत मजबूत है और सुरक्षित है। संविधान निर्माताओं ने इसमें ऐसे प्रावधान किए हैं, जिनसे इसकी रक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जब संविधान के साथ छेड़छाड़ की गई और उसमें संशोधन के जरिए बदलाव किए गए, तब जनता पार्टी की सरकार ने उन बदलावों को रद्द किया था।
हुड्डा पिता-पुत्र के मार्च को बताया राजनीतिक कलाबाजी
कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के संविधान बचाओ मार्च में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल विज ने इसे राजनीतिक कलाबाजी करार दिया। उन्होंने कहा, “वह खाते रहें, हमें इससे क्या लेना। मंत्री के इन बयानों के साथ हरियाणा में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की संभावना और संविधान को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।







