कांग्रेस का किल्लत काल बनाम मोदी का सेवा काल : ईरान-इजरायल युद्ध के बीच बोले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता
भिवानी,हरियाणा,13 मार्च।
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में हलचल के बीच देश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गैस और तेल की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और प्रदेश प्रवक्ता शंकर धूपड़ ने पलटवार किया है।
धूपड़ ने कहा कि “नरेंद्र गायब-सिलेंडर गायब” का शोर मचाने वाली कांग्रेस अपने शासनकाल का इतिहास भूल गई है। उन्होंने कहा कि आज की स्थिति एक वैश्विक संकट है, लेकिन मोदी सरकार देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
शंकर धूपड़ ने कांग्रेस के पुराने शासन की याद दिलाते हुए कहा कि नेहरू-गांधी परिवार के दौर में देश अभाव की राजनीति का शिकार था। उनके अनुसार उस समय दो बोरी सीमेंट के लिए भी तहसीलदार के कार्यालय से परमिट लेना पड़ता था और शादियों जैसे मांगलिक अवसरों पर एक बोरी चीनी के लिए जिला खाद्य निरीक्षक के सामने गुहार लगानी पड़ती थी।
उन्होंने कहा कि एक गैस कनेक्शन के लिए 5 से 7 साल तक इंतजार करना पड़ता था और लोग सुबह 4 बजे से सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े होते थे। कई लोगों को ब्लैक में गैस खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
धूपड़ ने तंज कसते हुए कहा कि 2014 में कांग्रेस का सबसे बड़ा वादा साल में केवल 10 सिलेंडर देने का था, जो उनकी सीमित सोच को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि 60 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस एलपीजी की पहुंच केवल 50 प्रतिशत आबादी तक ही क्यों रख पाई।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता में आते ही गैस की उपलब्धता बढ़ाई और उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए। उनके अनुसार आज कांग्रेस युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश की जनता पिछली सरकारों की नीतियों को भूली नहीं है।
ईरान-इजरायल युद्ध से पैदा हुए हालात पर धूपड़ ने कहा कि सरकार ने घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दी है और देश में गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि भारत लंबी अवधि के संकट से निपटने के लिए तैयार है।
धूपड़ के मुताबिक औद्योगिक इस्तेमाल में अस्थायी कटौती की गई है ताकि आम लोगों के घरों में गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी बताया कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से भारतीय जहाज सुरक्षित गुजर रहे हैं और कई देशों से गैस की नई खेप जल्द भारत पहुंचने वाली है।
अंत में शंकर धूपड़ ने जनता से अपील की कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और देश विरोधी प्रोपेगेंडा से सतर्क रहें। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी सरकार के कूटनीतिक प्रयासों और मजबूत प्रबंधन के कारण वैश्विक संकट का भारत पर न्यूनतम असर पड़ेगा।







