- कैबिनेट मंत्री ने पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर के 106 वें वार्षिकोत्सव का किया शुभारंभ
- लोक निर्माण मंत्री ने कहा, भारत विश्व में शांति और संवाद का अग्रदूत
गुरुग्राम, 04 अप्रैल।
हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं मार्ग) व जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हमारे सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता की सेवा है और यही परमात्मा की सच्ची सेवा भी है। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” का सिद्धांत हमारे सनातन धर्म की आत्मा है, जो सदैव समस्त विश्व के कल्याण और मंगल की कामना करता है। सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी पद्धति है जो समाज में समरसता, करुणा और सेवा की भावना को मजबूत करती है। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार की देर शाम पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर के 106 वें वार्षिकोत्सव को संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने दीप प्रज्वलित कर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ करने उपरांत अपने संबोधन में कहा कि हमारे संत-महात्माओं, गुरुजनों और धार्मिक गुरुओं ने हमेशा मानवता की सेवा, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के उत्थान का संदेश दिया है। साथ ही यह भी सिखाया है कि जब धर्म और राष्ट्र पर संकट आए, तो उसकी रक्षा के लिए दृढ़ता और साहस के साथ खड़ा होना भी आवश्यक है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि हमारे संतों और गुरुओं ने समय-समय पर समाज की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, जीएवी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन प्रदीप कौशिक, तहसीलदार रोहतास पवांर, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, पटवारी सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।







