हापुड़, उत्तर प्रदेश । 14 अप्रैल।
हापुड़ में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना हापुड़ देहात क्षेत्र का है, जहां चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी।
क्या है पूरा मामला?
घटना स्वर्ग आश्रम रोड स्थित सरिता नर्सिंग होम के सामने की है, जहां मेन रोड पर मौजूद शिवा मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
इसके अलावा ताराचंद हॉस्पिटल के सामने स्थित दो अन्य दुकानों के ताले और शटर भी तोड़कर चोरों ने सामान पर हाथ साफ कर दिया।
एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की घटना ने स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है।
व्यापारियों और निवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। थाना हापुड़ देहात के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन चोरों को पकड़कर इलाके में सुरक्षा का भरोसा बहाल कर पाती है।







