हरियाणा, 15 मई।
हरियाणा सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वर्ष 1994 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) से पुलिस महानिदेशक (DGP) पद पर पदोन्नत किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
नवदीप सिंह विर्क बने DGP
सरकार द्वारा जारी आदेश में नवदीप सिंह विर्क को DGP पद पर पदोन्नत किया गया है। वर्तमान में वे हरियाणा स्टेट एन्फोर्समेंट ब्यूरो के प्रमुख होने के साथ-साथ एचपीयूएस (H) पंचकूला में विजिलेंस एवं सिक्योरिटी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
कला रामचंद्रन को भी पदोन्नति
इसी के साथ कला रामचंद्रन को भी DGP पद पर प्रमोट किया गया है। वे इस समय हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन की निदेशक हैं और साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL), मधुबन (करनाल) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही हैं।
गृह विभाग ने जारी किए आदेश
यह आदेश हरियाणा सरकार के गृह विभाग की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सुधीर राजपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है। आदेश की प्रतियां राज्यपाल सचिवालय, भारत सरकार के गृह मंत्रालय, मुख्य सचिव कार्यालय और पुलिस महानिदेशक कार्यालय सहित संबंधित विभागों को भेज दी गई हैं।
पति-पत्नी IPS की खास उपलब्धि
गौरतलब है कि नवदीप सिंह विर्क और कला रामचंद्रन पति-पत्नी हैं और दोनों ही हरियाणा कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं। इससे पहले दोनों गुरुग्राम में पुलिस कमिश्नर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
यह पदोन्नति हरियाणा पुलिस प्रशासन में अनुभव और नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







