Edition

गुरुग्राम, शिवाजी नगर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई, 1810 किलो प्रतिबंधित सामान जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • शिवाजी नगर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1810 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
  • एचएसपीसीबी की टीम ने आवासीय क्षेत्र में चलाया विशेष अभियान, एक उल्लंघनकर्ता के खिलाफ कार्रवाई
  • जब्त प्लास्टिक सामग्री को पर्यावरण अनुकूल निपटान के लिए सोनीपत स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट भेजा गया

गुरुग्राम, 21 मई।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी), गुरुग्राम रीजन (नॉर्थ) द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक (एसयूपी) के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान शिवाजी नगर के रिहायशी क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक वस्तुओं के अवैध उपयोग, भंडारण और वितरण पर रोक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया।

अभियान के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर, एईई कामेश, एईई विशाल, साइंटिस्ट-बी अर्जू, एईई आशीष गहलावत तथा जेईई राघवेंद्र की टीम ने विभिन्न दुकानों, विक्रेताओं और भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम (उत्तर) की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवाजी नगर स्थित मकान नंबर 215ए/16 में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का भंडारण पाया गया। टीम ने मौके से कुल 1810 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की।

उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब्त की गई प्लास्टिक सामग्री को पर्यावरण अनुकूल निपटान के लिए एम/एस जेबीएम एनवायरो वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, ताजपुर, मुरथल, सोनीपत भेज दिया गया है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें