Edition

अवैध कॉलोनियों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन।

अवैध कॉलोनियों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन, संबंधित रजिस्ट्रारों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चण्डीगढ, 29 मई- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने  यमुनानगर में अवैध कालोनी काटे जाने पर एक्शन लिया और अवैध कालोनी काटे जाने के दौरान तत्कालीन संबंधित रजिस्ट्रार के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा,  विज ने जगाधरी के सेक्टर-17 में भूमि के एक टुकड़े की रजिस्ट्री करने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम के संबंधित सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।आपको बता दे की अनिल विज यमुनानगर में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पहले से निर्धारित 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से ऊर्जा मंत्री ने 7 परिवादों को मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष 8 परिवादों को आगामी बैठक तक हल करने के निर्देश दिए।

बैठक में  विज के सम्मुख एचएसवीपी के सैक्टर-17, जगाधरी निवासी महेन्द्र तनेजा ने प्रोपर्टी आईडी के भूमि के एक टुकड़े को अप्रूव कर रजिस्टरी किए जाने बारे शिकायत रखी, और इस मामले में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने जांच की रिपोर्ट प्रस्तुत की जिस पर ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम के सहायक अभियंता दीपक सूखीजा के खिलाफ नगर निगम आयुक्त को एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि दीपक सूखीजा का तबादला हो चुका है जिस पर कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए।

वहीं, दूसरी ओर बसंत नगर, जगाधरी निवासी विजयदीप सिंह ने बसंत नगर जगाधरी के पास एचएसवीपी की जमीन में अवैध कॉलोनी काटे जाने पर डीटीपी व नगर निगम यमुनानगर द्वारा कार्यवाही करने बारे शिकायत पर एसडीएम जगाधरी ने पक्ष रखा जिस पर ऊर्जा मंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि जो भी अवैध कालोनी काटी जा रही है उन पर डीटीपी द्वारा क्या कार्रवाई की जा रही है, इसकी जांच करवाए। अवैध कालोनी की वजह से लोग बिजली, पानी व अन्य तरह की सुविधाएं सरकार से मांगते है। ऐेसे में राजस्व की हानि होती है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि अवैध कालोनी में जिस रजिस्ट्रार ने रजिस्ट्ररी की है उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाए।

बैठक में गांव लवाना, थाना छप्पर निवासी अनिल कुमार ने आरोपीगण मंजीत सिंह, सोनू फोजी, गगन, लखविंदर को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने बारे शिकायत रखी जिस पर कार्यवाही करते हुए ऊर्जा मंत्री ने पुलिस अधिकारी को सरपंच, पार्षद व मौजिज व्यक्तियों के सामने स्टेटमैंट लिखवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, गांव फतेहपुर तहसील जगाधरी निवासी परविंदर काम्बोज ने जगाधरी शहर का कैमिकल युक्त गंदा पानी वाटर टी प्लांट का लगातार पानी लीक होने की वजह से खराब हुई फसल का मुआवजा दिलवाने बारे शिकायत पर ऊर्जा मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता जगाधरी को आदेश दिए कि पाईप में कैसे लीकेज हुआ इसकी जांच करवाए और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करे।

इसी प्रकार, गांव देवधर निवासी राजेन्द्र कुमार ने फसल चोरी के मामले में कोई कार्रवाई न करने बारे शिकायत की जिसकी जांच रिपोर्ट पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत की गई जिस पर ऊर्जा मंत्री ने एसडीएम व डीएसपी छछरौली को जांच कर शिकायतकर्ता को संतुष्टि दिलवाने के निर्देश दिए। यमुनानगर निवासी सुभाष चंद ने सरकारी तालाब के नवनिर्माण  विकास कार्य की लंबित राशि का अदायगी करवाने बारे शिकायत रखी जिस पर कार्यकारी अभियंता ने मंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए जल्द से जल्द एक महीने के अंदर बकाया राशि का भुगतान करवाने का आश्वासन दिया।

इस अलावा, लालद्वारा कालोनी  निवासी रूड सिंह ने अवैध कब्जा हटवाने बारे शिकायत रखी। इस मामले में  कार्यकारी अभियंता बिजली वितरण निगम ने रिपोर्ट प्रस्तुत की जिस पर ऊर्जा मंत्री ने निशानदेही करवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा गांव लवाणी, कलावड़ निवासी सिंह राम ने गैस एजेंसी द्वारा फर्जी सिलेंडर एंट्री एवं ब्लैक मार्किटिंग के संबंध में शिकायत दी। इस मामले में डीएफएसई ने अपना पक्ष रखा जिस पर मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में संयुक्त कमेटी बना कर गैस एजेंसी का सारा रिकार्ड जांच करने के आदेश दिए।

विज ने जिन 7 परिवादों का मौके पर ही निपटान करने के निर्देश दिए, जिनमें मधुबन कालोनी जगाधरी निवासी मनजीत कौर ने सीवरेज की समस्या रखी थी जिस पर कार्यवाही करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता ने सीवरेज की सफाई का कार्य करवा दिया। इसी प्रकार,  गांव डारपुर छछरौली निवासी हुसैनदीन ने अपने बेटे तारीफ का ट्रेक्टर-ट्राली से दुर्घटना में घायल करने वाले के खिलाफ कार्यवाही करने  बारे, एकता विहार कांसापुर निवासी चरणजीत सिंह की शिकायत पर ऊर्जा मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निष्पक्ष जांच करवाकर समाधान करवाने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार, बैठक में कांसली निवासी जयपाल ने अपनी पत्नी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने बारे, चुहड़पुर कला निवासी इकबाल सिंह ने फैक्ट्री में कच्चा पत्थर पीसने से हवा में उडऩे वाले डस्ट से प्रदूषण फैलने बारे शिकायत पर ऊर्जा मंत्री ने क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी को फैक्ट्री की जांच कर फैक्ट्री सील करने के निर्देश दिए।

यमुनानगर के गांव फतेहपुर तहसील जगाधरी निवासी सरपंच अरविन्द कुमार ने गांव में पीने के पानी की समस्या के समाधान के लिए पाइप लाइन दबवाने बारे शिकायत दी थी इस परिवार का समाधान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पाईप लाइन बिछा कर दिया गया है तथा गांव रसूलपुर निवासी सुरेन्द्र ने गांव रसूलपुर में ब्रेकर लगवाने बारे समस्या रखी जिसपर लोक निर्माण विभाग द्वारा ब्रेकर के लिए टैंडर लगा दिया गया है। इस कार्य को 30 जून तक पूर्ण कर दिया जाएगा।

बैठक के उपरांत मीडिया से बातचीत में अनिल विज ने कहा कि जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक यमुनानगर में महिने के अंतिम शुक्रवार दोपहर 12.00 बजे को आयोजित होगी ताकि फरियादियों को भी पता रहें और सभी अधिकारी भी उपस्थित रहें। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रजातंात्रिक पार्टी है और भाजपा में समय-समय पर चुनाव आयोजित किए जाते हैं तथा समय-समय पर तबदीलियां होती रहती है। उसी के तहत भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता को नियुक्त किया गया है।

इस अवसर पर यमुनानगर के विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, साढौरा की विधायक रेणु बाला, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगर निगम आयुक्त महावीर प्रसाद, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, मेयर नगर निगम सुमन बहमनी, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह, छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल, रादौर के एसडीएम नरेन्द्र कुमार, सीटीएम पीयूष गुप्ता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, मार्किट कमेटी यमुनानगर के चेयरमैन राकेश त्यागी सहित अन्य अधिकारी तथा जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें