Edition

हरियाणा सरकार वीर जवानों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : राव नरबीर सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा सरकार की बड़ी पहल: पूर्व सैनिकों व सीएपीएफ कर्मियों के लिए समर्पित वेबसाइट लॉन्च

सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया वेबसाइट का शुभारंभ

हरियाणा सरकार वीर जवानों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : राव नरबीर सिंह

पूर्व सीएपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों को अब मिलेगी सभी सुविधाएं एक ही डिजिटल मंच पर

कैबिनेट मंत्री ने वीर नारियों का सम्मान कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को किया नमन

गुरुग्राम, 10 जुलाई।
गुरुग्राम से पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों के लिए डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरियाणा सरकार के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग ने शुक्रवार को नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित समारोह में हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में वेबसाइट लॉन्च कर इसे पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित सेवाओं की दिशा में एक अहम कदम बताया।कार्यक्रम में फरीदाबाद के मंडलायुक्त राजेश जून, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के निदेशक जयदीप कुमार, सीआरपीएफ कादरपुर से डीआईजी परमा सिवान, जिला सैनिक बोर्ड के वेल्फेयर अधिकारी कर्नल (रि) देवेंद्र सिंह ढाका सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

हरियाणा सरकार वीर जवानों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : राव नरबीर सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा हमेशा से अपने वीर जवानों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था, ताकि सेना के साथ-साथ सीएपीएफ के जवानों और उनके आश्रितों को भी समर्पित एवं प्रभावी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार ऐसे ऐतिहासिक निर्णय ले रही है, जो देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले जवानों के सम्मान और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।

राव ने कहा कि आज लॉन्च की गई वेबसाइट पूर्व सैनिकों, सीएपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी डिजिटल सुविधा साबित होगी। उन्होंने बताया कि अब बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और असम राइफल्स सहित सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पूर्व कर्मी इस पोर्टल पर आसानी से पंजीकरण कर सकेंगे। यदि कोई जवान ड्यूटी के दौरान शहीद होता है या दिव्यांग होता है, तो उसके परिवार को अनुग्रह राशि, अनुकंपा नियुक्ति तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सकेगा। इससे परिवारों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, अधिकारी करें व्यापक पंजीकरण अभियान

राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों और सीएपीएफ कर्मियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की इस पहल से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल केवल एक वेबसाइट नहीं, बल्कि राज्य सरकार की अपने वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी वीर नारियों, वीर योद्धाओं, पूर्व सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों को विश्वास दिलाया कि हरियाणा सरकार हर कदम पर उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

वीर नारियों का सम्मान कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को किया नमन

कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची वीर नारियों को सम्मानित कर उनके त्याग और राष्ट्रसेवा में उनके परिवारों के अमूल्य योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर नारियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके सम्मान एवं कल्याण की जिम्मेदारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि हरियाणा सरकार वीर नारियों और शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा तथा हर संभव सहायता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

हरियाणा सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के कल्याण में देश के लिए बना उदाहरण : डीआईजी परमा सिवान

सीआरपीएफ कादरपुर के डीआईजी परमा सिवान ने हरियाणा सरकार द्वारा सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती देश को बड़ी संख्या में सैनिक और अर्धसैनिक बलों के जवान देती है, जो राष्ट्र की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने नक्सलवाद जैसी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के शौर्य और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कादरपुर स्थित सीआरपीएफ परिसर सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें