नोएडा के सेक्टर-58 के मामूरा गांव में भीषण आग, दो लोगों की मौत, 50 से अधिक परिवारों का रेस्क्यू अभियान जारी
नोएडा, 15 जुलाई। उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-58 स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक भीषण अग्निकांड से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग एक इमारत में स्कूटी चार्जिंग के दौरान लगी और कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बड़ी संख्या में लोग अंदर फंस गए।
50 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं
अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसे के समय इमारत में कई परिवार मौजूद थे। आग लगने के बाद धुएं और तेज लपटों के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
एक इमारत से दूसरी इमारत की छत के रास्ते सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की रणनीति अपनाई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। कई स्थानों पर मुख्य रास्ते धुएं और आग से पूरी तरह बंद हो जाने के कारण बचाव दल ने लोगों को एक इमारत से दूसरी इमारत की छत के रास्ते सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की रणनीति अपनाई।
प्रशासन ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी 
आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की इमारतों और मकानों को भी खाली कराया जा रहा है, ताकि आग फैलने की स्थिति में किसी और बड़े हादसे से बचा जा सके। प्रशासन ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है और केवल राहत एवं बचाव दल को ही मौके पर जाने की अनुमति दी जा रही है।
फायर विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। वहीं पुलिस पूरे इलाके की निगरानी कर रही है और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
वजह स्कूटी चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। 
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह स्कूटी चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना का ही पालन करें।







