Edition

रेवाड़ी में IGU के पास तीन युवकों पर जानलेवा हमला, 26 वर्षीय जतिन की मौत; दो गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेवाड़ी, 21 अगस्त। रेवाड़ी में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर के पास गांव गोकलपुर में छात्रों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर खूनी झड़प हो गई। इस दौरान तीन युवकों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में 26 वर्षीय जतिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मांढैया गांव निवासी जतिन पर युवकों के एक गुट ने हमला किया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण जतिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

वहीं निगनियावास निवासी छात्र हिमेश भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ। उसकी हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। तीसरे घायल युवक यशपाल निवासी बुढाना को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

छात्रों के दो गुटों में पुरानी रंजिश

बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और युवकों पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया।

प्राथमिक जानकारी में हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

वारदात के बाद भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए IGU मीरपुर के आसपास और गांव गोकलपुर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे की पूरी वजह और इसमें शामिल युवकों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ले रही है।

फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और प्राप्त शिकायत के आधार पर की जाएगी।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें