Edition

करनाल में रिश्वतखोरी पर ACB का शिकंजा, 75 हजार की रिश्वत लेते निजी व्यक्ति गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

करनाल में रिश्वतखोरी पर ACB का शिकंजा, 75 हजार की रिश्वत लेते निजी व्यक्ति गिरफ्तार

करनाल 25 August / हरियाणा राज्य चौकसी एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करनाल जिले में एक निजी व्यक्ति को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ग्राम पंचायत के निर्माण कार्य की बकाया राशि जारी करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान आरोपी को रिश्वत स्वीकार करते हुए पकड़ा गया।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव रिसालवा निवासी राजीव के तौर पर हुई है। मामले की जांच में ग्राम पंचायत रिसालवा के पंचायत सचिव सुखबीर की भूमिका भी सामने आई है। फिलहाल पंचायत सचिव फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया है कि शिकायतकर्ता की फर्म ने रिसालवा गांव में सामान्य चौपाल की चारदीवारी का निर्माण कराया था। इस निर्माण कार्य की कुल भुगतान राशि करीब 5 लाख 16 हजार 800 रुपये थी। आरोप है कि निर्माण कार्य की राशि से जुड़े चेक जारी करवाने के लिए राजीव ने शिकायतकर्ता से 17 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार रिश्वत की रकम 75 हजार रुपये तय की गई थी। आरोप है कि यह पैसा सरपंच और पंचायत सचिव सुखबीर के नाम पर मांगा गया था। शिकायत मिलने के बाद ACB की करनाल टीम ने मामले की पुष्टि करते हुए ट्रैप की कार्रवाई की योजना तैयार की।

निर्धारित कार्रवाई के दौरान टीम ने राजीव को रिश्वत लेते हुए मौके पर पकड़ लिया। ट्रैप कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और शैडो गवाह की मौजूदगी में की गई। ब्यूरो के मुताबिक आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम में से 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

मामले को लेकर करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। अब जांच एजेंसी फरार पंचायत सचिव सुखबीर की तलाश में जुटी है। उसकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

ACB ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें