न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का होगा विस्तार, सेक्टर 77 से 80 तक बिछेगी 7.9 किमी मास्टर सीवर लाइन

गुरुग्राम, न्यू गुरुग्राम, GMDA, गुरुग्राम सीवर व्यवस्था, सेक्टर 77, सेक्टर 78, सेक्टर 79, सेक्टर 80, मास्टर सीवर लाइन, सीवर लाइन प्रोजेक्ट, गुरुग्राम विकास,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 7 सितंबर। न्यू गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे सेक्टरों में सीवर व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। सेक्टर 77 से 80 तक 7.90 किलोमीटर लंबी मास्टर सीवर लाइन बिछाने की परियोजना को 19.30 करोड़ रुपए की दर पर मंजूरी दी गई है।

चंडीगढ़ में सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) की 10वीं बैठक में परियोजना के अवार्ड को स्वीकृति दी गई। यह काम डीएनआईटी दर से 9.21 प्रतिशत कम दर पर किया जाएगा।

गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है

परियोजना के तहत 600 एमएम से लेकर 1200 एमएम व्यास तक की सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ मैनहोल और नेटवर्क को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक अन्य संबंधित कार्य भी किए जाएंगे। परियोजना की निर्धारित अवधि दो वर्ष है, जबकि तीन वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि रहेगी।

जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा, जो हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में उपस्थित थे, ने कहा कि गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की बढ़ती आबादी और नियोजित विकास को भी ध्यान में रखते हुए व्यापक सीवर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके। सेक्टर 77 से 80 की यह परियोजना न्यू गुरुग्राम में सीवर नेटवर्क को और मजबूत करेगी।

सेक्टर 1 से 57 तक नेटवर्क चालू

सीईओ ने बताया कि सेक्टर 1 से 57 तक सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है और नेटवर्क चालू है। सेक्टर 58 से 67 तक भी सीवर नेटवर्क बिछाया जा चुका है। वहीं, सेक्टर 68 से 76 तक सीवर लाइन बिछाने का काम प्रगति पर है, जिसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

न्यू गुरुग्राम के आगे के हिस्से में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से सेक्टर 81 से 103 तक सीवर लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। दूसरी ओर, सेक्टर 104 से 115 तक का सीवर नेटवर्क जीएमडीए विकसित कर रहा है, जिसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

सीवर लाइन के साथ एसटीपी क्षमता भी बढ़ेगी

अधिकारियों के अनुसार, जीएमडीए और एचएसवीपी द्वारा समन्वित रूप से किए जा रहे सीवर नेटवर्क विस्तार से न्यू गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को व्यापक सीवर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सीवर नेटवर्क के विस्तार के साथ-साथ जीएमडीए शहर की सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रहा है। मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की क्षमता में वृद्धि की जा रही है तथा बढ़ती सीवेज जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर नए एसटीपी भी विकसित किए जा रहे हैं।

जीएमडीए अधिकारियों का कहना है कि सीवर नेटवर्क और सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता में एक साथ विस्तार होने से न्यू गुरुग्राम में तेजी से विकसित हो रही आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं को अधिक विश्वसनीय नागरिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध हो सकेगा।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें