चंडीगढ़ 20 अक्टूबर । हरियाणा में दीपावली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान तेज किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के सभी जिलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक जिले में 100 से 150 सर्विलांस नमूने लेने को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों, दूध और दुग्ध उत्पादों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर जिला स्तरीय विशेष खाद्य निगरानी दलों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। ये दल प्रमुख बाजारों, मिठाई की दुकानों, डेयरियों, दूध विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबार परिसरों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही, खाद्य पदार्थों के सर्विलांस नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य घटिया गुणवत्ता वाले, मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान करना है, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निगरानी अभियान के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।








