देहरादून/चमोली, 30 अक्टूबर
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने प्रेस नोट जारी कर बताया है कि बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा, देहरादून जा रहा एक निजी हेलीकॉप्टर लापता हो गया है। बाद में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की है।
UCADA के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्रा. लि. का हेलीकॉप्टर VT-HCX जिसने आज दोपहर लगभग 13:14 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी, जोशीमठ घाटी के ऊपर हाथी पर्वत क्षेत्र के पास अचानक संपर्क से बाहर हो गया। उसी समय हेलीकॉप्टर का ट्रैकिंग सिस्टम भी फेल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, भारतीय सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों को खोज और बचाव अभियान के लिए रवाना किया गया। चमोली जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि JP डैम के ऊपर जंगल में एक सफेद वस्तु को जलते हुए देखा गया, जिसके हेलीकॉप्टर का मलबा होने की आशंका है। चायें गांव के पास धुआं उठता देखे जाने की भी पुष्टि हुई है।
एहतियात के तौर पर मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्रा. लि. के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे। सवारों में पायलट कैप्टन हिमांशु (दिल्ली निवासी) के अलावा पांच यात्री शामिल हैं, जिनकी पहचान प्रथापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। सभी पांच यात्री बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “चायें गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF द्वारा संयुक्त बचाव अभियान चलाया जा रहा है।”
खराब मौसम, बारिश और बर्फबारी के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।
हेलीकॉप्टर में सवार:
1. कैप्टन हिमांशु – पायलट
2. प्रतापा बी. निंगाराजू (41)
3. अरुण सालुंके (44)
4. सुधीर के (49)
5. एच.एस. नटराज (51)
6. शंकरगौड़ा वी.बी. (39)।








