गुरुग्राम, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को गुरुग्राम में देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया। शहर के नेहरू स्टेडियम से आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में युवाओं, खिलाड़ियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

युवा शक्ति के बल पर साकार होगा विकसित भारत का सपना- राव नरबीर सिंह
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि भारत के युवाओं में अपार क्षमता, प्रतिभा और ऊर्जा है। यदि युवाओं को सही कौशल, बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। राव नरबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को अपनी योग्यता, मेहनत, अनुशासन और रचनात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी सकारात्मक भागीदारी से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की सोच एक मजबूत, संगठित और एकजुट भारत के निर्माण की थी। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रीय एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा पीढ़ी सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करे। समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। युवाओं को राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
पॉलिथीन के इस्तेमाल से बचें, पर्यावरण संरक्षण में दें योगदान
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राव नरबीर सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।उन्होंने कहा कि पॉलिथीन का बढ़ता इस्तेमाल पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। पॉलिथीन के कारण न केवल भूमि और जल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि शहरों में नालियों और सीवर लाइनों के अवरुद्ध होने की समस्या भी पैदा होती है। मंत्री ने कहा कि एक पॉलिथीन बैग को प्राकृतिक रूप से नष्ट होने में लगभग 450 वर्ष तक लग सकते हैं। ऐसे में नागरिकों को पॉलिथीन के उपयोग से बचना चाहिए और इसके स्थान पर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाजार में खरीदारी करने जाते समय कपड़े या जूट के थैले साथ लेकर जाएं। इससे पॉलिथीन के उपयोग को कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।

दीपावली पर स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण का रखें ध्यान
राव नरबीर सिंह ने दीपावली के पर्व को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पॉलिथीन और अन्य प्रदूषण फैलाने वाली वस्तुओं का उपयोग कम किया जाना चाहिए। साथ ही पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी स्वच्छता एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्रेरित करें।
राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राव नरबीर सिंह ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई।उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि देश की मजबूती के लिए एकजुटता और आपसी सहयोग आवश्यक है। राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है।
पुलिस, खेल और शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
नेहरू स्टेडियम में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में एसडीएम संजीव सिंगला, एसीपी सुरेश कुमार, अनिल, नवीन, अर्जुन, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार तथा एईओ जगदीश अहलावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








