सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, फील्ड में उतरकर कार्यों की प्रभावी निगरानी करें अधिकारी: निगमायुक्त डॉ. पंकज

गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त सख्त, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 21 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में चल रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें और सफाई व्यवस्था में लगी एजेंसियों से टेंडर की सभी शर्तों का गंभीरता से पालन करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसियां निर्धारित संख्या में वर्कफोर्स, मशीनरी, वाहन और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएं। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निगमायुक्त शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में लगे अधिकारियों और एजेंसियों को पूरी गंभीरता, जवाबदेही और समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्यों में लगी एजेंसियों के संसाधनों, कर्मचारियों, मशीनरी और वाहनों की नियमित जांच एवं निगरानी की जाए, ताकि जमीनी स्तर पर व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो।

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को जल्द सुचारू करने पर जोर

निगमायुक्त ने नई एजेंसियों को सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट, पार्किंग स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराने और हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि वे बिना देरी के डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन का कार्य शुरू कर सकें। उन्होंने एजेंसियों को जीपीएस एवं आरएफआईडी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय में पूरे करने की हिदायत दी। उन्होंने संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर नजर रखें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कितने वाहन नियमित रूप से कार्य कर रहे हैं और कितने प्रतिशत घरों से प्रतिदिन कूड़ा उठाया जा रहा है। केवल कागजों में कार्य की रिपोर्टिंग पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें।

एक सप्ताह में जीपीएस इंटीग्रेशन अनिवार्य, भुगतान कार्य के आधार पर

निगमायुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में स्टॉप गैप के तहत लगाई गई गाड़ियों का जीपीएस इंटीग्रेशन एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित एजेंसियों को भुगतान की अदायगी निर्धारित शर्तों और जीपीएस इंटीग्रेशन सहित कार्य की वास्तविक स्थिति के आधार पर ही की जाएगी। उन्होंने एजेंसियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और टेंडर की शर्तों के अनुरूप सेवाएं प्रदान करें, अन्यथा ब्लैकलिस्ट करने सहित नियमानुसार कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने संयुक्त आयुक्तों को संबंधित वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहनों की जांच करने के निर्देश भी दिए, ताकि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यवस्था की पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी हो सके।

रोड स्वीपिंग मशीनों और ग्रीन बेल्ट की सफाई पर भी विशेष ध्यान

निगमायुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन एवं उनकी कार्यक्षमता की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीनों का उपयोग निर्धारित व्यवस्था के अनुसार हो और सड़कों की सफाई के साथ-साथ ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों की सफाई के लिए भी नियमित व्यवस्था बनाई जाए। शहर की स्वच्छता केवल मुख्य सड़कों तक सीमित न रहे, बल्कि आसपास के सार्वजनिक एवं हरित क्षेत्रों में भी सफाई सुनिश्चित की जाए।

जीवीपी की नियमित सफाई और सार्वजनिक शौचालयों में सुधार के निर्देश

बैठक में निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारी एसडब्ल्यूएम मॉनिटरिंग पोर्टल पर अपनी दैनिक उपस्थिति दर्ज करें, ताकि कर्मचारियों की उपलब्धता और कार्यों की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सके। उन्होंने सभी गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) की नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें कवर करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था में सुधार करने और उनकी साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

जवाबदेही और नियमित निगरानी से बेहतर होगी शहर की सफाई व्यवस्था

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करना होगा। अधिकारियों की नियमित फील्ड विजिट, एजेंसियों की जवाबदेही, संसाधनों का उचित उपयोग और कार्यों की तकनीकी निगरानी से ही शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों की गंभीरता से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता व वरिष्ठ सफाई निरीक्षक उपस्थित थे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें